झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक के खलासी की जमकर पीटा। इसमें वह बेहोश हो गया। जानकारी के अनुसार चाईबासा स्थित सरायकेला मोड़ के आगे चाईबासा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर कोल्हान प्रमंडल कार्यालय के ठीक सामने तेज रफ्तार अनियंत्रित 12 चक्का भारी वाहन(ट्रक) ने आगे चल रही स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में स्कूटी सवार तीन लोग घायल हो गए। इसमें एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दो अन्य लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दोनों को अस्पताल लाया गया है।
घटना के बाद उग्र भीड़ का शिकार हुए खलासी को भी अस्पताल में भर्ती किया गया। दुर्घटना में स्कूटी सवार मंझगांव के पड़सा निवासी बालेश्वर पिंगुआ और मुफस्सिल क्षेत्र के टोंटो निवासी माका बानरा शामिल हैं। वहीं पड़सा मंझगांव के उभराम पिंगुआ की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। दुर्घटना में माका बानरा का दोनों पैर टूट गया है। शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट भी लगी है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया कि स्कूटी सवार तीन लोग टोंटो से नरसंडा की ओर शगुन पूजा में जा रहे थे। वहीं भारी वाहन सरायकेला से चाईबासा की ओर आ रहा था। घटना दोपहर करीब ढ़ाई बजे के आसपास की बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस की टीम दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजा। मरने वाले व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मौके पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाकर किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। आश्वासन दिया गया कि इस मामले में समुचित कार्रवाई की जाएगी। उग्र भीड़ का शिकार हुए खलासी के परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.