झारखंड के देवघर में सोमवार की सुबह अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दी। घटना सांरवां थाना क्षेत्र के बलिया चौकी दलीरायडीह वन विभाग के पुराने नर्सरी के समीप हुई। इसमें मोहनपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी अफजल की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं चांदडीह निवासी मुजीबउर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों एक शादी समारोह में शिरकत कर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने इन्हें गोली मार दी।
दो दिन बाद अफजल की शादी होने वाली थी। घर में खुशी का आलम था। घटना के बाद सारी खुशी मातम में बदल गई। जिसकी बारात निकलने की तैयारी थी। उसका जनाजा निकला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। घायल युवक से मामले की पूरी जानकारी ली।
पुलिस का दावा, केस हो गया है हल, जल्द होगा खुलासा
पुलिस अधीक्षक धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के बारे में जानकारी मिल गई है। जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा। पुलिस जांच कर रही है। इलाके में गोली चलने की जानकारी मिलते ही सारवां एवं कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से हमले का शिकार हुए युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने अफजल को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में घायल युवक ने बताया कि दोनों शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर चांदडीह जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने गोली चला दी। कारणों की छानबीन की जा रही है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार घटना लगभग सुबह आठ बजे की है। हमले का शिकार हुए युवक आपस में करीबी रिश्तेदार हैं। दोनों के बीच काफी दोस्ती थी। यह दोनों अक्सर एक साथ ही कहीं जाने आते रहते थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.