झारखंड विधानसभा से मॉब लिंचिंग पर लगाम कसने के लिए 'भीड़ हिंसा एवं मॉब लिंचिंग निवारण विधेयक' पास होने के अगले ही दिन पलामू का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भीड़तंत्र की हैवानियत साफ दिख रही है। 11 सेकेंड के इस वीडियो में लड़का एक पेड़ से उल्टा लटका दिख रहा है। जिसके पास लोगों की भीड़ खड़ी हैं। युवक रोते हुए अपने जान की भीख मांग रहा है और लोग उसकी पिटाई करते दिख रहे हैं। वहीं, भीड़ में शामिल एक युवक मोबाइल फोन से वीडियो भी बना रहा है।
यह मामला पलामू जिले के नीलाम्बर-पिताम्बरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव का है। घटना 14 दिसंबर की है। 13 दिसंबर को खुस्तर अंसारी नाम का युवक यहां गांव की लड़की से मिलने आया था। लड़के के साथ युवक को देखकर लोग आक्रोशित हो गए और उसको पैर बांधकर एक पेड़ से उल्टा लटका दिया। फिर उसकी जमकर पिटाई भी की। मामला करीब पांच दिन पुराना है, लेकिन वीडियो बुधवार देर शाम सामने आया है। इस मामले में 5 नामजद समेत 17 लोगों पर गुरुवार को FIR दर्ज किया गया है।
जख्मी हालात में युवक को छोड़ दिया
पिटाई के बाद घायल युवक को जख्मी हालात में छोड़ा गया है। घटना से युवक और उसका परिवार काफी डरा सहमा है। जिस कारण उन्होंने थाने को भी इसकी जानकारी नहीं दी है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस को घटना का पता लगा। मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित युवक सतबरवा थाना क्षेत्र के झाबर गांव का रहने वाला है। वह ताबर के रहने वाले अपने एक दोस्त के साथ प्रेमिका से मिलने करमा गांव गया था। यहीं पर लोगों ने प्रेमी को पकड़ कर बंधक बना लिया। जबकि, उसका साथी किसी तरह भीड़ से बचकर भाग निकला।
SP ने कहा- दोषियों पर होगी कार्रवाई
SP चंदन कुमार सिन्हा ने बताया, 'मामले से संबंधित वीडियो हाथ लगा है। इसके बाद थाना प्रभारी को इस मामले में तहकीकात करने का निर्देश दिया गया था। तहकीकात के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.