झारखंड के अलग-अलग जिलों में शनिवार को अलग-अलग घटनाएं सामने आई है। सबसे हैरान करने वाला मामला पलामू में हुआ है। मछली मारने के लिए कुएं में उतरे दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई है। वहीं पश्चिमी सिंहभूम में एक व्यक्ति की लाश रेलवे पटरी पर मिली है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। जामताड़ा में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
पहला मामला
पलामू जिले के भूसही में दो युवको की मौत कुएं में हो गई है। मरने वालों की पहचान पताली सिंह औा रामचंद्र चौधरी उर्फ तिलंगी चौधरी के रूप में की गई है। ग्रामीण के सहयोग से एक- एक कर दोनों शव कुएं से निकाले गए हैं। पता चला है कि पहले तिलंगी कुएं में मछली मारने उतरा। कुएं में पानी बहुत कम था। इसी दौरान वह अचानक चक्कर खाकर वह कुएं में बेहोश होकर गिर गया। तिलंगी को बचाने उतरा पताली सिंह भी बेहोश हो गया। इस दौरान दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि कुएं में अवैध शराब बनाने के लिए महुआ को ठंडा किया जा रहा था। इसकी गैस लगाने से एक-एक कर दोनों लोगों का दम घुट गया। इससे इनकी मौत हो गई। एसडीपीओ सुरजीत कुमार मामले की जांच के लिए पहुंचे। पता चला कि शव को निकालने के लिए उतरे कुछ और लोगों को चक्कर आ आ रहा था। वह लोग किसी तरह बाहर आ गए। कुआं लाला चौधरी नाम के व्यक्ति का है। लाला के कहने पर ही दोनों एक-एक कर मछली मारने गए थे। घटना शनिवार सुबह 7 बजे की है। दावा किया जा रहा है कि दोनों की मौत के बाद कुएं से रखा गया महुआ को हटा दिया गया।
दूसरी घटना
पश्चिम सिंहभूम के सोनुआ थाना क्षेत्र के टुनिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया है। मरने वाले युवक की पहचान सोनुआ के सोनापोस गांव निवासी 35 वर्षीय हितेश प्रधान के रूप में हुई है। युवक शुक्रवार की शाम को गोईलकेरा साप्ताहिक हाट से सारंडा डीएमओ सवारी गाड़ी से घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टुनिया स्टेशन पहुंचने पर कुछ अज्ञात लोगों ने हितेश के साथ मारपीट की। उसे ट्रेन से उतारकर ले गये। सूचना मिलने पर परिजनों ने युवक की खोज शुरू की। इस दौरान युवक की लाश रेलवे पटरी पर मिली। परिजन युवक की हत्या का दावा कर रहे हैं। जीआरपी और आरपीएफ ने घटनास्थल पहुंचकर शव बरामद किया।
तीसरी घटना
जामताड़ा जिले के दुमका-नाला-आसनसोल मुख्य सड़क के नतुनडीह गांव के पास शनिवार सुबह करीब 9 बजे हाईवा बाहन के चपेट में आने से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। इस घटना के बाद गाड़ी लेकर चालक भाग रहा था। स्थानीय ग्रामीण एवं पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी हो रही है। शव के शिनाख्त की कोशिश पुलिस कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.