झारखंड पुलिस को चकमा देकर बिहार फरार हो चुके कुख्यात अपराधी इंदल पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया। अपराधी पर पलामू जिले के हुसैनाबाद, छत्तरपुर, नवीनगर थाने में कुल 16 अलग-अलग मामले दर्ज हैं। पलामू पुलिस को सूचना मिली कि यह अपराधी बिहार के औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना इलाके में रह रहा है। इसके बाद झारखंड पुलिस ने बिहार पुलिस ने संपर्क किया। पलामू पुलिस की एक टीम मो बिहार भेजा गया। झारखंड व बिहार की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी मूंगिया गांव से की गई। इंदल झारखंड में सक्रिय उग्रवादी संगठन JJMP से जुड़ा रहा है। वह मूल रूप से पलामू के सुकनाडेरा का रहने वाला है।
टंडवा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी हुसैनाबाद पुलिस को चकमा देकर बिहार में घुस गया है। सूचना के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर विशेष टीम का गठन किया गया। बिहार पुलिस से संपर्क कर अपराधी के सभी अड्डों पर छापेमारी की गई। इसमें यह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अपराधी पर हत्या, डकैती सहित कई अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.