कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले नक्सली व उग्रवादी संगठनों पर झारखंड पुलिस लगातार नकेल कस रही है। गिरिडीह सहित राज्य के कई जिलों में सक्रिय भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर पिंटू राणा की तलाश में झारखंड पुलिस ने बिहार दस्तक दी। पिंटू राणा के जमुई स्थित पैतृक गांव पहुंचकर पुलिस ने उसके घर के बाहर नोटिस चस्पा किया। पिंटू पर झारखंड सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का ईनाम घोषित किया गया है।
गिरिडीह के भेलवाघाटी थानान्तर्गत थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्त्व में पुलिस की टीम प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर पिंटू राणा के घर पहुंची। पिंटू बिहार के जमुई जिला के लक्ष्मीपुर थाना के आनन्दपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस की ओर से नोटिस लगाने के साथ्र गांव के कुछ लोगों से पिंटू के बारे में पूछताछ की। लोगों ने बताया कि उन्होंने लंबे समय से पिंटू को गांव में नहीं देखा है। पिंटू पर भेलवाघाटी थाने में दर्ज थाना कांड संख्या 7/13 में कुर्की जब्ती करते तथा थाना कांड संख्या 2/15 में फरार घोषित करते हुए पुलिस के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। टीम में भेलवाघाटी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के अलावा एएसआई बुद्धि नाथ मार्डी तथा JAP व लक्ष्मीपुर थाना के पुलिस जवान सहित कई CRPF के जवान शामिल रहे।
अलग-अलग मुठभेड़ में रहा है शामिल
पुलिस का आरोप है कि पिंटू नक्सली दस्ते का नेतृत्व कर रहा है। पुलिस के साथ नक्सलियों की दो बार हुई मुठभेड़ में वह दस्ते के साथ मौजूद था। इसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उस पर कई लोगों से लेवी वसूलने का भी आरोप लगा हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.