झारखंड -बिहार पुलिस की संयुक्त छापेमारी में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के सदस्य नवीन राम उर्फ नरेश राम को गिरफ्तार किया गया। इसकी गिरफ्तारी बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र के बेनी गांव से हुई है। शनिवार को हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूज्य प्रकाश ने बताया शुक्रवार की सुबह पलामू के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 86/21 का नामजद अभियुक्त नवीन राम उर्फ नरेश राम बिहार के टंडवा थाना क्षेत्र के बेनी गांव आने वाला है। निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। टंडवा थाना व SSB 29 कालापहाड़ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
SDPO ने बताया कि यह उग्रवादी JJMP के अलावा कई और प्रतिबंधित संगठनों और आपराधिक गिरोहों के लिए काम कर चुका है। इसके विरुद्ध हुसैनाबाद थाना में दो कांड दर्ज है। अपराधी से पूछताछ में कुछ बड़े आपराधिक गिरोह तथा उग्रवादी संगठन के बारे में अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस इस पर काम कर रही है। अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गठित छापामारी दल में हुसैनाबाद व टंडवा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अजित कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक कृष्णा राय, SSB 29 काला पहाड़ के पुलिस निरीक्षक लोकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जेएन सरकार, सहायक अवर निरीक्षक नील कमल ठाकुर, मुन्ना कुमार सिंह में सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.