झारखंड के गिरिडीह जिले में एक नवविवाहिता ने कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। मामला पचंदा थानाक्षेत्र के रानी खावा धोबी टाला का है। मरने वाली महिला की पहचान नीतू कुमारी के रूप में की गई है। 8 माह पहले नीतू का विवाह बिहार के बांका जिले के चांदन कटोरिया निवासी बिट्टू रजक के साथ हुआ था। लड़की अपने भाई के साथ फिलहाल मायके आई हुई थी। परिवार के लोग दावा कर रहे हैं कि विवाहिता को ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार की रात फोन पर लड़की की अपने ससुराल वालों के साथ बातचीत हुई। इसके बाद उसने कुएं में छलांग लगी दी।
लड़की के भाई राज कुमार रजक ने बताया कि गत 7 मई 2021 को पूरे धूमधाम से बहन की शादी की। ससुराल वालों को 2 लाख रुपये के साथ एक बाइक दी। इसके बाद जब बहन ससुराल पहुंची तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल के लोग सोने की चेन की मांग करने लगे। बहन ने अपने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने लड़की के पति से फोन पर बात की। समझाया कि विवाह का कर्ज खत्म नहीं हुआ है।
आर्थिक स्थिति बेहतर होने के साथ ही वह यह मांग पूरी कर देंगे। इसके बावजूद विवाहिता को प्रताड़ित किया जाता रहा। 1 माह पूर्व भाई बहन को ससुराल से अपने घर वापस लाया। रविवार की रात बहन की अपने पति से मोबाइल पर बात हुई। इसके करीब आधे घंटे बाद उसने कुएं में छलांग लगा दी। आवाज होने के बाद भाई ने कुएं में झांक कर देखा तो बहन का शव पानी में पड़ा था। आवाज सुनकर गांव के लोग एकत्र हुए। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.