उग्रवादियों ने मनातू BDO से मांगी रंगदारी:6 बार BDO को मोबाइल पर किया फोन, संगठन चलाने के लिए की पैसे की डिमांड

​​​​​​​मेदिनीनगर2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मनातू पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। - Dainik Bhaskar
मनातू पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पलामू के नक्सल प्रभावित मनातू के प्रखंड विकास पदाधिकारी नित्यानन्द दास से नक्सली संगठन टीपीसी के नाम पर लेवी मांगी गई है। इस घटना के बाद से BDO नित्यानंद दहशत में हैं। इस संबंध में उन्होंने मनातू थाना में FIR दर्ज कराई है। BDO को बुधवार की सुबह 10:14 बजे फोन आया। आवाज़ स्पष्ट नहीं मिलने पर फोन काट कर 10:15 बजे दुबारा कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टीपीसी का नगीना जी बताया और संगठन चलाने के लिए पैसे की डिमांड की। इस पर BDO ने उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेने की बात कह कर फोन काट दिया।

शाम में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद गुरुवार को चार बार BDO के फोन पर उसी नंबर से फोन आया। दोपहर 12 :12 बजे, 12:14 बजे, 12:16 बजे और 12:17 बजे फोन आया। इस दौरान करीब दो मिनट BDO की बात फोन करने वाले से हुई। फोन करने वाले ने कहा- कल बात हुई थी, पैसा कब दोगे। पूरे मामले में एक बात यह भी है कि टीपीसी के नाम पर फोन करने वाले ने BDO को लेवी की राशि नहीं बताई। फोन कर यही कहता रहा कि संगठन चलाने के लिए खर्चा चाहिए।

मालूम हो कि BDO नित्यानंद ने 19 अप्रैल को मनातू BDO का पदभार लिया है। पूरे मामले पर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि नगीना जी नाम पहली बार उन्होंने सुना है। पुलिस अनुसंधान में जुटी है। यह देखा जा रहा है कि फोन करने वाला टीपीसी नक्सली है या कोई आपराधिक तत्व है। उन्होंने कहा कि BDO की सुरक्षा इंतज़ाम को बढ़ाया जाएगा।वहीं, उग्रवादी द्वारा फोन किए जाने की घटना की जानकारी डीसी शशिरंजन को बीडीओ ने दी है।

खबरें और भी हैं...