गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। झारखंड के अलग-अलग जिलों में समारोह के दौरान होने वाली सुरक्षा बलों की परेड का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। इसमें सुरक्षा बलों की अलग-अलग कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। कार्यक्रम में अतिथियों के आगमन से लेकर सलामी देने तक का रिहर्सल किया जा रहा है। राज्य की उप राजधानी दुमका में समारोह को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। यहां झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे।
बुधवार की सुबह दुमका के पुलिस लाइन मैदान में सुरक्षा बलों की ओर से करीब 3 घंटे से अधिक समय तक परेड किया गया। इस दौरान प्रशिक्षक की ओर से जवानों को उनकी गलतियों के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण का यह कार्यक्रम संथाल परगना क्षेत्र के DIG सुदर्शन मंडल, पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा की मौजूदगी में चला।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पेट्रोल सब्सिडी योजना की शुरुआत इसी समारोह में करने वाले हैं। कोविड प्रोटोकॉल के तहत आगामी 26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम में बेहद सीमित लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
इस बार मुख्यमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को मंच पर सम्मानित नहीं करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह सेनानियों के घर-घर जाकर उन्हें सम्मानित करें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.