राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव सोमवार को झारखंड के पलामू पहुंचे। लालू यादव अगले दो दिनों तक झारखंड में रहकर संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे। आगामी 8 जून को वह पलामू की अदालत में आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में पेश होंगे। लालू यादव के आगमन को लेकर संगठन की ओर से स्वागत की जबरदस्त तैयार की गई थी। तय कार्यक्रम में अनुसार राजद सुप्रीमो हेलिकॉप्टर से आए।
सर्किट हाउस में उनके तीन दिनों तक ठहरने का इंतजाम है। सर्किट हाउस में ही उनका दरबार लगेगा। इस दौरान पार्टी के सभी आला नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम है। दरअसल हाल ही में जदयू की ओर से राज्यसभा के लिए झारखंड के पूर्व विधायक पर दाव लगाए जाने के बाद पार्टी के लिए भी पड़ोसी राज्य काफी अहम हो गया है। लालू यादव करीब छह साल बाद पलामू आए हैं। आखिरी बार वह वर्ष 2016 में पांकी विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में बिट्टू सिंह के लिए प्रचार करने आए थे। पांकी ब्लॉक मैदान में लालू यादव की सभा हुई थी।
ऐसे में उनके तीन दिवसीय कार्यक्रम को राजद के लिए संजीवनी बूटी के तौर पर देखा जा रहा है। एक जमाने में राजद का गढ़ रहा पलामू पार्टी के हाथ से पूरी तरह निकला चुका है। लालू यादव को भी इस बात का अहसास है। झारखंड की राजनीति में राजद की मजबूती का रास्ता बिहारी भाषाई संस्कृति वाले पलामू से होकर जाता है।पलामू में कमजोर पड़ने के बाद राज्य में भी राजद की स्थिति कमजोर पड़ गई। अब राजद अपने अस्तित्व को बचाये रखने के लिए संघर्ष कर रहा है। भले ही लालू यादव चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में आ रहे हैं लेकिन वह पलामू प्रमंडल में राजद की खोई जमीन को वापस दिलाने का गुरुमंत्र नेताओं को जरूर देंगे।
इतने लंबे समय तक के लिए लालू यादव का पलामू में रुकना अरसे बाद हो रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके पलामू आने पर झारखंड के राजद नेताओं के साथ-साथ बिहार के नेताओं का जमावड़ा लग गया है। राजद की राजनीति को नई धार देने की रणनीति बनेगी। एकीकृत बिहार के समय से ही लालू यादव की शख्सियत पालमू के लोगों पर हावी रही है। राजद के सांसद और विधायक यंहां से चुने जाते रहे हैं। लालू यादव के व्यक्तित्व के प्रति आकर्षण का अंदाजा सहज लगाया जा रहा है। कहा जाता है कि उनके पार्टी के सांसद मनोज भुइयां घुस लेते पकड़े गए थे। बर्खास्त हो गए थे। इसके बाद हुए उप चुनाव में भी लालू की पार्टी का ही सिक्का चला। जनता ने घुरण राम को जीताकर लोकसभा भेजा था।
कुछ ऐसा है कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के अनुसार लालू यादव ने पटना से हेलिकाप्टर पर सवार होकर पलामू के चियांकी हवाई अड्डे पर लैंड किया। इसके बाद सड़क मार्ग से स्थानीय सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए। वह तीन दिन तक सर्किट हाउस में ही रहेंगे। 8 जून को पलामू कोर्ट में पेश होंगे। इसके बाद बुधवार को हेलिकॉप्टर से ही वापस लौटेंगे।
कोर्ट में होंगे पेश
दरअसल लालू यादव पलामू की कोर्ट में पेश होने के लिए आ रहे हैं। 8 जून को आचार संहिता उल्लंघन के मामले में वह अदालत के सामने उपस्थित होंगे। झारखंड विधानसभा चुनाव-2009 के दौरान गढ़वा जिले में लालू प्रसाद यादव पर आदर्श चुनाव आचार संहिता का मामला दर्ज हुआ था। यह मामला ( जीआर नंबर- 2676/2021) एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट पलामू में चल रहा है। इसके मजिस्ट्रेट सतीश कुमार मुंडा की अदालत में 8 जून को लालू प्रसाद यादव पेश होंगे।
क्या है पूरा मामला
झारखंड विधानसभा चुनाव-2009 के दौरान गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से गिरिनाथ सिंह राजद प्रत्याशी थे। उनके प्रचार में लालू प्रसाद यादव उड़नखटोला से पहुंचे। गढ़वा के गोविंद उच्च विद्यालय में लालू की सभा होनी थी। उड़खटोला के लैंड करने के लिए गढ़वा प्रखंड के कल्याणपुर में हेलिपैड निर्धारित था। इसके लिए प्रशासन ने अनुमति दी थी। लेकिन हेलिपैड पर न लैंड कर हेलिकाप्टर गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान में बने सभा स्थल पर उतरा। इससे अफरातफरी मच गई। इसी मामले में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और हेलिकाप्टर के पायलट के ऊपर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में पलामू कोर्ट में लालू की पेशी होनी है। गढ़वा में तत्कालीन बीडीओ डॉ. सुभाष सिंह ने मामला दर्ज कराया था। गढ़वा में स्पेशल कोर्ट नहीं होने के कारण मामला पलामू न्यायालय में चल रहा है।
हेलिकाप्टर उतरने के अपने-अपने दावे
गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान में हेलिकाप्टर उतरने के बाद लालू प्रसाद यादव और पायलट की ओर से बचाव किया गया। कहा गया था कि हेलिकाप्टर रास्ता भटक गया था। इस कारण हेलिपैड पर न उतर सका। दूसरी तरफ प्रशासन का कहना था कि भीड़ जुटाने के लिए जबरन हेलिकाप्टर को सभास्थल पर उतारा गया। इस मामले में दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद पलामू कोर्ट फैसला सुनाएगा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.