• Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Said In The Rally – Infiltrators Have Increased In The State, Tribals Have Increased From 35% To 24%

देवघर में अमित शाह बोले- हेमंत सरकार सबसे भ्रष्ट:रैली में कहा- झारखंड में घुसपैठिए बढ़ गए, आदिवासी 35% से 24% हो गए

देवघर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
देवघर में बाबा बैद्यनाथ का पूजन करते केंद्रीयय गृहमंत्री अमित शाह। - Dainik Bhaskar
देवघर में बाबा बैद्यनाथ का पूजन करते केंद्रीयय गृहमंत्री अमित शाह।

केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड के देवघर पहुंचे। उन्होंने पत्नी के साथ बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना की। फिर 450 करोड़ रुपए की लागत वाले इफको के नैनो फर्टिलाइजर प्लांट का उद्घाटन किया।

शाह ने जसीडीह के इफको ग्राउंड में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। रैली में शाह ने कहा कि झारखंड में वोट बैंक की राजनीति हो रही है। राज्य में घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है। आदिवासियों की संख्या 35 फीसदी से 24 फीसदी रह गई है। उन्होंने हेमंत सोरेन को चुनौती देते हुए कहा कि वे चुनाव मैदान में आकर दो-दो हाथ कर लें। राज्य की जनता उन्हें सरकार से हटाने के लिए तैयार बैठी है।

इफको के नैनो फर्टिलाइजर प्लांट का उद्घाटन करते केंद्रीय मंत्री अमित शाह।
इफको के नैनो फर्टिलाइजर प्लांट का उद्घाटन करते केंद्रीय मंत्री अमित शाह।

वोट बैंक के लालच में घुसपैठिए घुसाए जा रहे
अमित शाह ने कहा कि वोट बैंक के चक्कर में झारखंड में घुसपैठिए घुसाए जा रहे हैं। ये आदिवासियों की जमीनें हथिया रहे हैं। घुसपैठिए राज्य की बच्चियों पर अत्याचार कर रहे हैं और सीएम हेमंत बाबू मुस्कुराकर यह सब देख रहे हैं। संथाल परगना में आदिवासियों की संख्या कम हो रही है।

केवल देवघर का क्षेत्र ही नहीं झारखंड साइबर क्राइम का हब बन गया है। यहां बच्चों को गलत रास्ते पर ले जाकर बड़े-बड़े अपराध किए जा रहे हैं। साइबर क्राइम से लड़ने के लिए केंद्र की सरकार ने मदद देनी चाही पर हेमंत बाबू कभी भी आगे नहीं बढ़े। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हेमंत बाबू, संथाल परगना में आपने विकास का कोई काम नहीं किया है। यहां की जनता को मूर्ख बनाने का काम किया। जनता अब आपको जान चुकी है और आप से हिसाब मांगती है।

झारखंड के कई इलाके हुए नक्सल मुक्त
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्य का बड़ा हिस्सा नक्सल मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड में बूढ़ा पहाड़ और कई अन्य इलाके नक्सल मुक्त हो गए हैं। अब प्रदेश में विकास की राह पकड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब भी जिन इलाकों में नक्सल का प्रभाव है, वहां भी उन्हें खत्म करने का काम चल रहा है।

भ्रष्टाचार पर सोरेन सरकार को घेरा

शाह ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार विकास करना नहीं चाहती है। कोई मंत्री-मुख्यमंत्री बनता है, तो हाथ से करप्शन करता है, लेकिन यहां तो ट्रैक्टर और रेलवे के वैगन से भ्रष्टाचार करना शुरू कर दिया गया है।

गरीबों और आदिवासियों के विकास का पैसा दिल्ली के दरबार में पहुंचाया जा रहा है। जनता सब जानती है। हेमंत बाबू चुनाव में आ जाओ, जनता आपको हटाने को तैयार बैठी है। 2024 में कमल खिलाएं और सभी 14 सीटें बीजेपी को दें।

कहा- केंद्रीय बजट में मध्यम वर्ग को मिली राहत
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बजट मध्यम वर्ग को राहत दी है। सात लाख रुपए तक आय वालों को इनकम टैक्स में छूट मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी भाई-बहनों के लिए कई काम करने जा रही है। आपके के लिए एकलव्य मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। वहीं शिक्षा का गुणवत्ता के लिए 38 हजार शिक्षकों की बहाली की जाएगी। आगामी एक साल में देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जाएगा।

देवघर के बैद्यनाथ मंदिर में करीब 35 मिनट तक अमित शाह ने पूजा-अर्चना की।
देवघर के बैद्यनाथ मंदिर में करीब 35 मिनट तक अमित शाह ने पूजा-अर्चना की।

गरीबों के कल्याण पर पीएम ने दिया है जोर
विजय संकल्प रैली में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा गरीब, दलित और पिछड़े वर्गों के कल्याण पर जोर दिया है। देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाकर सम्मान दिया गया है।

खबरें और भी हैं...