गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र के रजगडहा में एक नवविवाहिता की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। महिला का नाम निसारा खातून बताया जा रहा है। 42 दिन पूर्व गांव के ही युवक मो जाबिर मिया से लड़की का विवाह हुआ था। लड़की के पिता का दावा है कि ससुराल के लोगों ने दहेज के लिए लड़की को जबरन जहर देकर मारा डाला। महिला के पति का कहना है कि पत्नी ने खुद जहर खाकर जान दी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लड़की के पिता की शिकायत पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
मिली जानकारी के नुसार धनवार थाना क्षेत्र के राजगडहा निवासी अब्बास मिया की 19 वर्षिय पुत्री निसारा खातून की शादी हाल में ही गांव के तजमुल मियां के पुत्र मो जाबिर मिया के साथ इस्लामिक रीति रिवाज से हुई थी। लड़की के पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के रूप में गाड़ी और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण लड़की के पिता ससुराल पक्ष की मांग पूरी नहीं कर सके। बेटी की शादी के बाद वह मजदूरी करने कोलकाता चले गए। इस बीच रविवार की रात उन्हें बेटी के जहर खाने की सूचना मिला।
पिता का दावा है कि इसके बाद लड़की के मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। इस दौरान बेटी के ससुराल वालों ने पारिवार के लोगों के साथ मारपीट की। किसी तरह लड़की को घर से अस्पताल पहुंचाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। मायके वालों का दावा है कि दहेज को लेकर पहले भी विवाद हुआ। पंचायत हुई। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लड़की को प्रताड़ित करते रहे। पिता ने धनवार थाना में आवेदन देकर पति मो जाबिर,ससुर तजमुल मिया,सास सेरूणा खातून,जेठ कुद्दुस अंसारी सहित अन्य लोगों पर दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज कराया है। महिला के पति का कहना है कि पत्नी ने खुद ही जहर खा लिया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.