लातेहार में तीन बड़ी घटनाएं:दो सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, 10  घायल, ट्रक में लगी आग, पुलिस ने शुरू की जांच

बालूमाथ9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
दुर्घटना में हुए घायल। - Dainik Bhaskar
दुर्घटना में हुए घायल।

झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ इलाके में शनिवार को तीन अलग-अलग घटनाएं हुईं हैं। इसमें दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। 10 लोग घायल हो गए है। तीसरी घटना एक ट्रक में हुई। शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रक में आग लग गई। इस कारण ट्रक में लदा केंदू पत्ता जल गया। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। इन सभी मामलों की जांच प्रारंभ कर दी गई है।

पहली घटना
पहली घटना झिकीया नदी के समीप हुई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई। इसमें बाइक चलाने वाले सुनील उरांव पिता राजे उरांव की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में ववारी गंझू और पिनय उरांव घायल हुए हैं। गंझू ने बताया कि सुनील तेज गति से बाइक चला रहा था। मना करने के बाद भी बाइक की गति कम नहीं की। बाइक पर तीन लोग सवार थे। तीनों शादी समारोह से हिस्सा लेकर लोहरदगा से वापस लौट रहे थे। चालक ने हेलमेंट होते हुए भी नहीं पहना था। दुर्घटना के दौरान चालक के सिर में चोट लग गई। मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया है।

दूसरी घटना
दूसरी घटना बारियातू अस्पताल भवन के समीप हुई। पटना से बैंड बजाकर वापस लौट रहे सुम्बुल नगाड़ा ग्रुप लोहरदगा की बैंड पाटी पिकअप वाहन पर सवार थी। यह वाहन अनियंत्रित होकर 10 फीट गढ्ढे में जा गिरा। इसमें वाहन पर सवार दिलशाद अंसारी 26 वर्ष पिता सफीक अंसारी ग्राम हुनदागा थाना सेन्हा लोहरदगा की मौत हो गई। वहीं इसी गांव के रहने वाले सैफ राजा 14 वर्ष ,मो मुर्शीद 27 वर्ष ,जहरउद्दीन अंसारी 22 वर्ष , आरिफ अंसारी 16 वर्ष , अहमद अंसारी 25 वर्ष,नियाज अंसारी 10 वर्ष, इकबाल अंसारी 18 वर्ष ,अफजल अंसारी 30 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों, बारियातू टीओपी प्रभारी कुंदन कुमार व जवानों के सहयोग से सभी घायलों को बालूमाथ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां इनका इलाल हुआ। गंभीर स्थिति देखते हुए घायलों में से तीन लोगों को रांची रेफर कर दिया गया है। यह सभी लोग शादी में बैंड बजाने पटना के दीदारगंज गए थे।

ट्रक में लगी आग।
ट्रक में लगी आग।

तीसरी घटना
बारियातू टीओपी क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर के समीप हेरनहोपा की ओर से आ रहा ट्रक बिजली के तार की चपेट में आ गया। इस कारण शॉर्ट सर्किट होने से ट्रक में आग लग गई। ट्रक में बीड़ी बनाने में इस्तेमाल होने वाला केंदू पत्ता लदा था। यह सब जलकर खाक हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा ट्रक जल गया। ट्रक चालक ने अपनी समझदारी का परिचय देते हुए ट्रक को 200 मीटर पीछे खड़ा कर दिया। इस कारण आसपास के घर आग की चपेट में आने से बच गए। ट्रक जलने की सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं लेकिन तब तक वाहन जल गया था।

खबरें और भी हैं...