नई दिल्ली से झारखंड लौटने के दौरान उत्तर प्रदेश में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड के शाली पंचायत के पंचायम समिति सदस्य अशोक शर्मा सहित दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार को हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन लखनऊ रवाना हो गए। गुरुवार की देरशाम तक शव गिरिडीह आने की उम्मीद है।
चचेरे भाई वकील विश्वकर्मा ने बताया कि अशोक शर्मा सहित 7 लोग कार से दिल्ली से झारखंड लौट रहे थे। इसी दौरान यूपी मे कार अनियंत्रित हो गई। वह ठीक सामने एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। घटना में कार पर सवार रवि कुमार दास(30) की मौके पर ही मौत हो गई । अशोक शर्मा को गंभीर हालत में इलाज के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कार में सवार अन्य लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।कार सवार बालेश्वर दास,आर कुमार, सोनू कु दास,अमित कुमार और प्रीति कुमारी का लखनऊ में इलाज चल रहा है। घटना की खबर क्षेत्र में चारो तरफ फैल गई। इसके बाद शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए लोगों का आना शुरू हो गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में मातम फैला है। अशोक शर्मा पर अपने परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी। वह अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी और दो बच्चे छोड़ गए हैं।
घर पर अंतिम संस्कार
गुरुवार को गिरिडीह स्थित घर पर अशोक शर्मा के दाह संस्कार की तैयारियां चल रही हैं। दूर दराज से रिश्तेदार व परिचित लोग पहुंच रहे हैं। लोगों ने बताया कि अशोक का स्वभाव बहुत सरल और मिलनसार था। यही कारण है कि क्षेत्र की जनता उन्हें काफी पसंद करते थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.