झारखंड के दुमका में एक और नाबालिग की शनिवार को हत्या कर दी गई। आरोपी काफी समय से लड़की का रेप कर रहा था। जब वह प्रेग्नेंट हुई तो गला दबाकर मार डाला। हत्या सुसाइड लगे इसलिए शव को पेड़ से टांग दिया। लड़की आदिवासी है। आरोपी अरमान अंसारी है। लड़की से रेप और हत्या मामले में बीजेपी ने राज्य सरकार को घेरा है।
इसके पहले दुमका में ही 23 अगस्त को 12वीं की छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर शाहरुख हुसैन ने जलाकर उसकी हत्या कर दी थी।
मामला जिले के यूनिवर्सिटी ओपी क्षेत्र के श्रीअमड़ा गांव का है। पोस्टमॉर्टम के बाद पता चला कि लड़की की हत्या हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अरमान को गिरफ्तार किया है। वह पेशे से राज मिस्त्री है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। दो समुदाय का मामला होने की वजह से पुलिस इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं बता रही है।
पोस्टमॉर्टम से पता चला कि प्रेग्नेंट है
पोस्टमार्टम में यह बात भी सामने निकलकर सामने आई कि नाबालिग गर्भवती थी। उसकी उम्र 14 साल है। वह मजदूरी करती थी। काम के दौरान ही अरमान ने उसे निशाना बनाया। वह लगातार उसका शोषण करता रहा। जब वह प्रेग्नेंट हो गई तो हत्या कर दी।
लड़की काम के लिए दुमका आती थी
लड़की का शव उसके घर से काफी दूर शहरी इलाके में पाया गया है। पुलिस को लड़की का शव पेड़ से लटका मिला था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि वह दुमका जिले के रानीश्वर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी जो शव मिलने की जगह से 50 KM दूर है। परिवार को बुलाया गया तो पता चला कि किशोरी मजदूरी का काम करती थी। वह गांव से दुमका शहर आती जाती थी। कभी-कभी वह जामा थाना में अपनी मौसी के घर मे भी रुक जाती।
दुमका के डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने बताया कि आरोपी पर आईपीसी की धारा 376 , 302 और पॉक्सो एक्ट की धारा लगाई गई है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उसने हत्या क्यों की?
भाजपा नेताओं ने कार्यवाही की मांग की
घटना की जानकारी पाकर भाजपा नेत्री और पूर्व मंत्री लुईस मरांडी यूनिवर्सिटी ओपी थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों से बात की। उन्होंने कहा कि लगातार दुमका की बेटियों के साथ इस तरह की घटना हो रही है । इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए।
सांसद निशिकांत दुबे और मरांडी ने ट्वीट कर सोरेन सरकार को घेरा
इस मामले को लेकर सांसद निशिकांत दुबे और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर सवाल उठाए हैं। सांसद ने मरांडी के ट्वीट को रीट्वीट करके कहा कि अंकिता की हत्या शाहरुख ने और अब आज उसी दुमका में आदिवासी लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या अरमान अंसारी ने, इसी खबर को दबाने के लिए हमारे बच्चों व मनोज तिवारी के ऊपर केस किया गया है। झारखंड में इस्लामीकरण और उसका नतीजा, लड़ाई जारी। इस बच्ची के परिवार को भी आर्थिक व कानूनी मदद देंगे, हेमंत जी।
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मामले पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- दुमका में हुई घटना से मर्माहत हूं। उक्त मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है साथ ही मैंने दुमका पुलिस को न्याय सुनिश्चित करने हेतु सख्त कानूनी कदम उठाने का निर्देश दिया है। परमात्मा दिवंगत बिटिया को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.