गिरिडीह के बगोदर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। अवैध संबंध में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। घटना को सोमवार रात अंजाम दिया गया। मरने वाले व्यक्ति की पहचान औरा पंचायत के दामा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय रामचंद्र महतो के रूप में की गई है। वह गुजरात में काम करता था। तीन दिन पहले वह घर लौटा था ।सोमवार रात पति को पत्नी के अवैध रिश्ते के बारे में पता चला गया।
इसको लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान पत्नी ने पति को जान से मारने की धमकी दी। देर रात तकरीबन दो बजे पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी युवक के सहयोग से पत्नी कौशल्या देवी ने पति की हत्या कर दी।पति रामचंद्र महतो के सिर पर पत्थर और कुल्हाड़ी से वार किया गया। इसमें उसकी मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के समक्ष पत्नी कौशल्या ने स्वीकार किया है कि गांव के तुलसी साहू नाम के युवक से उसके अवैध संबंध हैं। माना जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच इसी कारण से रात विवाद हुआ। इसके बाद पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पत्नी कौशल्या को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.