झारखंड के सिमडेगा में हाथियों ने उत्पात मचाया हुआ है। जिले के बानो थाना क्षेत्र के चकलाबासा में घुसे हाथी ने एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वन विभाग व प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली।
मिली जानकारी के अनुसार बानो प्रखंड के चकलबासा में अचानक एक हाथी पहुंच गया। हाथी ने तितुंस सोरेंग के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथी पास के खलिहान की ओर चला गया। खलिहान में धान साफ कर रहे एवरीतु सोरेंग नामक युवक से हाथी का सामना हो गया। युवक ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान हाथी ने हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा वन विभाग के वनपाल विवेक कुमार मौके पर पहुंचे।
घायल को बानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वनपाल विवेक कुमार ने बताया कि घटना लगभग शाम 8 बजे की है। हाथी ने चकलाबासा में एक व्यक्ति का घर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। प्रखंड प्रशासन और वन विभाग के कर्मचारियों के जरिए हाथियों के प्रभाव वाले इलाके में मशाल जलाने की सामग्री भेजी जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.