पलामू जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर अधिवक्ता और अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।अध्यक्ष यादव ने कहा कि झारखंड में भय के माहौल में वकील वकालत कर रहे हैं। अधिवक्ताओं की हत्या सहित कई घटनाएं हो रही हैं। जो वकीलों को अपनी सुरक्षा के बारे में सोचने को मजबूर कर रही है।
इस स्थिति में वकील न्यायिक कार्य को स्वतंत्र रूप से नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की।साथ ही प्रदेश विधिज्ञ परिषद के पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष व महासचिव के लिए सरकारी अंगरक्षक की मांग रखी। यादव ने कहा कि अधिवक्ता खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे तभी स्वतंत्र रूप से न्यायिक कार्य कर पाएंगे।
यादव ने कहा कि राजनीतिक पार्टी के जिलाध्यक्ष,नेता को सरकारी बॉडीगार्ड दिया जाता है तो झारखंड विधिज्ञ परिषद के प्रदेश के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्ष व महासचिव को सरकारी अंगरक्षक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द राज्य में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू नहीं हुआ और बार के पदाधिकारियों की सुरक्षा में सरकारी अंगरक्षक को नहीं लगाया गया तो पलामू जिला अधिवक्ता संघ आंदोलन करने को मजबूर होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.