केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि आजादी के अमृत महोत्सव, एक भारत श्रेष्ठ भारत व संविधान दिवस पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी से पलामू के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में काफी कुछ जानकारी मिल रही है। प्रदर्शनी में संविधान निर्माण में पलामू की भूमिका पर भी काफी विस्तृत जानकारी दी गई है।
यह चित्र प्रदर्शनी तभी सफल होगी जब इससे प्रेरणा लेकर यहां मौजूद बच्चे अपने आसपास से जानकारी जुटाकर आजादी के गुमनाम शहीदों को ढूंढ निकलें व उन्हें उचित मंच तक पहुंचाएं। वह शुक्रवार को केंद्रीय संचार ब्यूरो के डालटनगंज इकाई द्वारा गांधी स्मृति नगर भवन में लगे चित्र प्रदर्शनी के दूसरे दिन अवलोकन के उपरांत बोल रही थी।
उन्होंने कहा कि आजादी के गुमनाम शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी दी जा सकती है, जब उन्हें गुमनामी से बाहर लाकर उनके योगदान के बारे में लोगों को बताया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय के द्वारा भी आजादी के गुमनाम नायकों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए पहल की जा रही है। विभिन्न स्पर्धाओं के माध्यम से बच्चों को उनके बारे में जानकारी दी जा रही है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा कि इससे शिक्षा की पुरानी व्यवस्था में बदलाव आ रहा है। छात्रों को रुचि के अनुसार से पढ़ाई की सहूलियत हो गई है। संविधान निर्माण में पलामू की भूमिका पर जानकारी इकट्ठा करने वाले वरीय शिक्षाविद् व वरिष्ठ पत्रकार प्रभात मिश्र सुमन को सीबीसी, डालटनगंज के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर ने अंगवस्त्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.