चितरपुर प्रखंड के सोंढ़ स्थित रोशन लाइन होटल के सभागार में बुधवार को कांग्रेस पार्टी के चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री सह प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो व शहजादा अनवर मौजूद थे।
इस दौरान रामगढ़ विधानसभा के उप चुनाव में जीत को लेकर रणनीति बनाई गई। निर्णय लिया गया कि आपसी मतभेदों को भुलाकर सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस को जिताने का कार्य करेंगे। साथ ही बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत किया जाएगा। ताकि उप चुनाव में यहां से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित हो सके।
मौके पर मौजूद पूर्व मंत्री सह प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने कहा कि एक षडयंत्र के तहत यहां की विधायक ममता देवी को जेल भेजने का काम किया गया है। इसका जवाब यहां की जनता उन्हें देगी। और रामगढ़ विधानसभा में दोबारा कांग्रेस का विधायक चुना जाएगा।
वही शहजादा अनवर ने कहा कि रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव में पार्टी किसी को भी टिकट देती है। तो भी सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उस प्रत्याशी को यहां से जिताकर विधानसभा भेजने का काम करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव होने तक सभी कार्यकर्ता एकजुट रहे, और विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देने का कार्य करें। एक एक मतदाता तक पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाए। ताकि यहां से दोबारा कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत हो सके।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान व संचालन चितरंजन दास चौधरी ने किया। मौके पर प्रभारी महासचिव तनवीर आलम, प्रदेश महासचिव बलजीत सिंह बेदी समेत अन्य लोग थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.