सदर थाना क्षेत्र के लखना गांव में बच्चों के विवाद में बीच-बचाव करने गई एक वृद्ध महिला को लोगों ने लाठी और डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। परिजनों ने एक विशेष समुदाय के युवकों पर पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया है। मारपीट की इस घटना में लखना गांव के सुनरकालो कुंवर (65 वर्ष) की मौत हो गई।
घटना के संबंध में मृतका की बहू गुड्डी देवी ने कहा कि गांव के चार बच्चे निरंजन कुमार, ओमप्रकाश कुमार, रिशु कुमार व चुनचुन कुमार शुक्रवार की शाम सात बजे शौच कर आ रहे थे। इसी बीच दूसरे ओर से आ रहे गांव के ही गोल्डन खान, एजाज खान, गफ्फार खान, मुस्तफा खान, अंसार खान, असगर खान, दिलखुश खान, आशिक खान, सदरु खान आदि ने उन लोगों पर पत्थर बाजी की।
जब उन लोगों के द्वारा इसका विरोध किया गया तो उन लोगों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। जब इसकी सूचना निरंजन की दादी सुनरकालो कुवंर को मिली तो वह घटना स्थल पर पहुंच कर बीच- बचाव करने लगी। बीच बचाव करने के दौरान उन लोगों ने उस पर भी लाठी डंडा से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलावस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी बीच उसकी मौत हो गई।
पीड़ित की जुबानी: महिलाओं को छेड़ते थे आरोपी
मृतका सुनरकालो कुवंर के नाती निरंजन कुमार ने कहा कि उसके गांव की महिला व युवती जब शाम व सुबह शौच करने जाते हैं, तो गांव के गोल्डन खान, एजाज खान, गफ्फार खान, मुस्तफा खान, अंसार खान, असगर खान, दिलखुश खान, आशिक खान, सदरु खान आदि उसके अगल- बगल खड़े हो जाते थे। घर मे आकर महिलाएं व युवती अपने परिजनों से इसकी शिकायत करते थे। इस पर कई बार विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर लोगों ने पत्थरबाजी की थी। जिसका विरोध करने पर इस तरह की घटना घटी है।
पुलिस कर रही छानबीन, किसी की गिरफ्तारी नहीं
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है। इस घटना से गांव की स्थिति तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस वहाँ कैम्प कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नही हो पाई थी।
एसडीपीओ वहामन टूटी ने कहा कि लखना गांव में मारपीट की घटना घटी है। जिसमें एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। मामले को लेकर छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांव में किसी तरह की विवाद न हो। इसके लिए पुलिस कैंप कर रही है।
घटना सहन करने के लायक नहीं : भाजपा
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप ने कहा कि यह घटना सहने लायक घटना नहीं है। एक बुजुर्ग महिला को विशेष समुदाय के लोग पिट-पिट कर हत्या कर देते हैं। इससे पहले भी इस गांव में इस तरह की कई घटना घट चुकी है। जिसमें छेड़खानी का मामला भी है। उन्होंने कहा है कि पुलिस इस मामले में जल्द कार्रवाई करे नहीं तो वे लोग आंदोलन करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.