पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पति पसंद नहीं था इसलिए नई नवेली दुल्हन ने शादी के 10 दिन बाद ही पति की हत्या कर दी। फिर पत्थर से कूचकर शव कुएं में फेंक दिया। आराेपी महिला काे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना गुमला में कामडारा के बेतेरकेरा गांव की है। कुरकुरा के थानेदार छाेटू उरांव ने बताया कि कामडारा के सुरसांग बनटोली गांव के संजय तोपनो की शादी 6 फरवरी को बेतेरकेरा निवासी ठुमा तोपनो की बेटी सनियारो सुरीन के साथ हुई थी।
गांवों में बहुराता रस्म होती है। इसके तहत शादी के बाद पति अपनी पत्नी को ससुराल ले जाता है। 11 फरवरी को संजय बहुराता रस्म अदा करने सनियारो के साथ बेतेरकेरा आया था। 17 फरवरी को पत्नी बेर खिलाने व सब्जी तोड़ने के बहाने संजय को अपने चाचा अब्राहम के बाड़ी में कुएं के पास ले गई। माैका पाकर पत्नी ने पत्थर से वार कर दिया। मौत हो जाने पर पत्थर से कूचकर हत्या शव को कुआं में डाल दिया। कुएं से शव बरामद हाे गया है। महिला काफी शातिर है।
आराेपी बाेली-घरवालाें ने जबरन शादी कर दी, छुटकारा चाहती थी इसलिए मार डाला
आराेपी पत्नी सनियारो ने पति की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसने बताया है कि मैं संजय काे पसंद नहीं करती थी। किसी और से शादी करना चाहती थी इसलिए उसके साथ शादी नहीं करना चाहती थी। मैंने घरवालाें से अपनी मर्जी बता दी थी। इसके बावजूद घर के लाेगाें ने मेरी बात नहीं मानी और जबरदस्ती उसके साथ मेरी शादी करा दी। घरवालाें की जिद पर मैं ससुराल चली गई थी, पर उसी दिन से छुटकारा पाना चाहती थी। आखिरकार 10 दिनाें के बाद मुझे माैका मिला। बहुराता में घर आई थी। पांच दिन घर में रहने के बाद उसे बहाना बनाकर अपने चाचा की बाड़ी में ले गई। वहां कुआं के पास बैठाकर पत्थर से सिर पर वार कर दिया। उसकी माैत हाे जाने पर कुएं में धकेल दिया। घटना को अंजाम देने के बाद घर चली आई और बता दिया कि वह अपने घर चला गया, लेकिन पकड़ी गई।
पुलिस की सख्ती से पकड़ी गई चालबाज
सनियाराे ने घर में बता दिया था कि पति अपने घर चला गया है। वह बाद में ससुराल जाएगी। इसी बीच उसके ससुराल से खबर आई कि वह घर नहीं पहुंचा है। इसके बाद संजय के लापता हाेने का मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने गुरुवार काे विवाहिता से पूछताछ की ताे उसकी बाताें पर संदेह हुआ। सनियारो ने बताया कि दोनों बाड़ी साथ गए थे। पुलिस उसे बाड़ी लेकर गई। वहां सख्ती की तो वह टूट गई और घटना काे बता दिया। इधर, आराेपी के पिता ठुमा तोपनो ने कहा कि बेटी की करतूत पर शर्मिंदा हैं। उन्हाेंने साेचा नहीं था कि दामाद की हत्या कर देगी। शादी नहीं करना था ताे पहले ही जिद कर देती।
पॉजिटिव- आप प्रत्येक कार्य को उचित तथा सुचारु रूप से करने में सक्षम रहेंगे। सिर्फ कोई भी कार्य करने से पहले उसकी रूपरेखा अवश्य बना लें। आपके इन गुणों की वजह से आज आपको कोई विशेष उपलब्धि भी हासिल होगी।...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.