तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार को तीन ट्रेनों का आवागमन रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। 2 आरएल, 3आरएल और 4आरएल पूर्ण रूप से रद्द रही। लोहरदगा रेलवे स्टेशन में प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह भी वन आरएल निर्धारित समय से देर पर पहुंची थी। देर से पहुंचने का कारण ट्रेन के पहिए में आई तकनीकी खराबी रही।
टेक्निकल टीम ने बताया कि पहिये का हिस्सा फ्लैट हो जाने के कारण परेशानी आई है। जिसकी सूचना रेलवे मुख्यालय को दी गई। जिसके बाद लोहरदगा-रांची चलने वाली लोकल पैसेंजर ट्रेन के तीन फेरों को रद्द कर दिया गया। लोहरदगा से सुबह 6:10 मिनट में खुलने वाली 08688 लोहरदगा रांची, रांची से लोहरदगा 10.11 बजे पहुंचने वाली 08689 रांची टोरी ट्रेन व टोरी लोहरदगा होते हुए 1.10 बजे रांची जाने वाले भी 08690 टोरी रांची ट्रेन तकनीकी कारणों से नहीं चली।
स्टेशन मास्टर रोबर्ट एक्का ने बताया कि खराबी की सूचना ऊपर दी गई थी। जिसके बाद रांची से तकनीकी टीम भी पहुंची थी। निरंतर खराबी को दूर किए जाने का प्रयास जारी रहा। शाम में चलने वाली 5 आरएल ट्रेन अपने निर्धारित समय से सुचारू रही। इधर 3 फेरों की ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूरदराज से पहुंचने वाले यात्रियों को मुख्य रूप से परेशानी हुई।
यात्रियों में सानिया उरांव, मंगरी उरांव, बिक्की, राजेश, सुरेश आदि ने बताया कि दूरदराज से पहुंचने के कारण वापस लौटने में परेशानी है। जिस कारण लगभग 2 से 3 घंटे की अतिरिक्त प्रतीक्षा करनी पड़ी। ट्रेन का परिचालन नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। इधर देर शाम तकनीकी खराबी आई ट्रेन को वैकल्पिक रूप से बना कर रांची ले जाई गयी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.