परिवहन विभाग ने लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटना को देखते हुए राज्य में 142 ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना स्थल) का चयन किया है। इन ब्लैक स्पॉट पर पिछले 3 वर्षों के दौरान सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। राज्य के सभी ब्लैक स्पॉट पर 1077 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 858 घायलों की मौत हो गई। इस मामले में रामगढ़ सबसे ऊपर है। इसके अलावा 107 ऐसे स्थानों का चयन किया है, जहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं होने की आशंका जताई जा रही है।
ब्लैक स्पॉट की बढ़ती संख्या को देखते हुए सड़क सुरक्षा के संयुक्त परिवहन आयुक्त रविशंकर विद्यार्थी ने पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता यातायात को पत्र लिखकर इन ब्लैक स्पॉट को सुधारने और संभावित दुर्घटनाओं को टालने का आग्रह किया है।
इसके साथ ही शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म एक्शन प्लान बनाने की भी बात कही है। संयुक्त परिवहन आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से कदम उठाने का आग्रह किया है। सबसे अधिक रामगढ़ जिले में ब्लैक स्पॉट हैं, जहां सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। रांची में 8 ऐसे ब्लॉक स्पॉट हैं, जहां अक्सर हादसे होते हैं।
संभावित दुर्घटना स्थलों में गढ़वा सबसे ऊपर
परिवहन विभाग ने संभावित 107 दुर्घटना स्थलों की पहचान की है, इनमें गढ़वा का स्थान सबसे ऊपर है। यहां 14 स्थान हैं। उसके बाद गुमला में 11, सरायकेला में 10, कोडरमा और पश्चिमी सिंहभूम में 9-9 जगहों को चिन्हित किया गया है। इसी तरह दुमका और लोहरदगा में 7-7 जगह चिह्नित की गई हैं। हजारीबाग में 6, रामगढ़ में 6, सिमडेगा में 5, जमशेदपुर में 3, खूंटी में 4, देवघर में 3, बोकारो में 2 ब्लैक स्पॉट हैं।
रांची में यहां होती हैं अधिक दुर्घटनाएं...
एनएच-33 पर बरगांवा पुल से पहले, नामकुम चौक से पहले, तीतरी के पास, नामकुम थाना के पास, जामचुआं के पास, औरमांझी चौक के पास, बीआईटी मिश्रा के पास और मुरपा सुप्रिया ढाबा के पास।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.