बंशीधर नगर थाना क्षेत्र स्थित बभनी खाड डैम में मछली पकड़ने के दौरान चार युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना गुरुवार की रात की है। चारों डैम के फाटक के नीचे जाल लगाने गए थे और इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के करीब 3 घंटे बाद डैम का फाटक खुलवाया गया तो चारों शव नहर में बह गए। यहां से चारों शव को बाहर निकाला गया। करीब डेढ़ माह पूर्व इसी डैम में डूबने से दो चचेरी बहनों की भी मौत हो गई थी।
मृतकों में नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 5 के नयाखाड़ गांव निवासी बबलू उरांव (25), अनिल उरांव (25), अमरेश उरांव (17) और नागेंद्र उरांव (22) शामिल है। दरअसल, 9 युवक मछली पकड़ने के लिए डैम गए थे। यहां बबलू, अनिल, अमरेश और नागेंद्र डैम में पानी निकासी वाले फाटक के पास जाल लगाने के लिए घुसे थे।
काफी देर होने के बाद चारों के बाहर नहींं निकलने पर उनके बाकी साथियों ने उन्हें आवाज लगाई। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद युवकों ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद डैम पर आसपास के सटे गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। करीब तीन घंटे बाद चारों युवकों का शव बाहर निकाल लिया गया। बंशीधर नगर थाना पुलिस ने चारों शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भिजवा दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.