तिलैया थानान्तर्गत करमा में पारिवारिक विवाद में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। तीनों का शव शनिवार को देर शाम घर के आंगन में बने कुएं में मिला। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। दोनों बच्चों का शव मां के साथ कपड़े से बंधा था। महिला का पति से शुक्रवार को विवाद हुआ था। इसके बाद महिला अचानक अपने घर से दोनों बच्चों के साथ गायब हो गई। बहुत खोजबीन करने के बाद भी परिजनों को कहीं नहीं मिली।
ढाई साल की बेटी व 6 माह के बच्चे के साथ की आत्महत्या
मृतका की पहचान संजू देवी (26), पति पिंटू दास के अलावा उसके छह माह के पुत्र आकाश कुमार व ढाई साल की पुत्री अंशिका कुमारी के रूप में की गई। शनिवार शाम महिला व उसके दोनों बच्चे का शव घर के आंगन में बने कुएं में उतराता पाया गया। इसकी सूचना थाने को दिए जाने के बाद एसडीपीओ अशोक कुमार, थाना प्रभारी द्वारिका राम ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवाया।
संजू देवी की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। मृतका का पति राज मिस्त्री का काम करता है। मृतका का मायका बरकट्ठा थाना अंतर्गत ग्राम डपोक बताया गया है। इसकी जानकारी उसके मायके वालों को दे दी गई है। मृतक के ससुराल में उसके सास, ससुर, पति व उसके तीन भाई के रहने की जानकारी मिली है।
महिला ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या कर कुएं में डाला गया है, इसकी पुलिस जांच कर रही है। घटना को लेकर थाना प्रभारी द्वारिका राम ने बताया की प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत के कारणों का पता पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। मृतका के पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतका के मायके वालों को इसकी सूचना दे दी गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.