रांची पुलिस इन दिनों बाइक चोरी की घटना से परेशान हैं। रांची में हर दिन औसत छह बाइक की चोरी हो रही है। जनवरी से अबतक रांची जिले में 1247 बाइक की चोरी हो चुकी है। सबसे अधिक चोरियां लोअर बाजार, बरियातू, सदर, लालपुर और अरगोड़ा से हो रही है। विडंबना कि रांची पुलिस पांच प्रतिशत से भी कम रिकवर कर पा रही है। सिर्फ प्राथमिकी दर्ज हो रही है।
इसमें सिर्फ लोअर बाजार पुलिस ने हाल में बाइक चोरी की घटना बढ़ने पर चोरों को गिरफ्तार किया है। कुछ चोरी की बाइक रिकवर हुई है। वहीं, अन्य थाना क्षेत्रों से बाइक चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है।
लूटपाट व कोयला चोरी में उपयोग की जाती है बाइक
चोरी की बाइक रांची से ग्रामीण क्षेत्रों में ले जाकर बेचा जा रहा है। मात्र पांच से 10 हजार रुपए में बेच रहे हैं। अधिकांश चोरी की बाइक का इस्तेमाल चोरी का कोयला ढोने के लिए और लूटपाट के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। हाल ही में रांची पुलिस ने छिनतई करने वालों को पकड़ा है। उनके पास से चोरी की बाइक भी मिली है। शहर से चुराई गई बाइक ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में खपाई जाती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.