झारखंड में सर्द हवा के बहाव के साथ तापमान में गिरावट का क्रम तेज हो गया है। राज्य के कई इलाके में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। इस वजह से ऐसे इलाके में लोगों ने कनकनी महसूस की। पिछले दो दिन के अंदर न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ ही सुबह और रात के अलावा अब शाम में भी ठंड बढ़ने लगी है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार को संताल परगना के गोड्डा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पलामू प्रमंडल के डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेसि दर्ज हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र स्टेशनों में लगे तापमान मापी यंत्र में देवघर में न्यूनतम तापमान 10.4, रामगढ़ में 10.7, पाकुड़ में 11.0, रांची और बोकारो में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अभी पूरब के अलावा पश्चिम दिशा से हवा का बहाव हो रहा है। पश्चिम दिशा से आ रही सर्द हवा की वजह से उत्तर पश्चिम झारखंड के डालटनगंज के अलावा गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और कोडरमा में सबसे ज्यादा असर दिख रहा है। यहां के मैदानी और नदी तट क्षेत्र में सुबह में कोहरा की स्थिति बन रही है।
4 दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम
पलामू प्रमंडल से सटे अन्य इलाके में भी ठंड बढ़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य के अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने के बाद ठंड और बढ़ेगी। मौसम पूर्वानुमान में सुबह में कोहरा या फिर धुंध रहेगी। सूर्योदय के बाद ऐसे इलाके में मौसम साफ रहेगा। अगले तीन से चार दिन तक रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और आसमान साफ रहेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.