राज्य में मानसून एक बार फिर से पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसका असर मंगलवार सुबह से ही देखने को मिल रहा है। रांची में सुबह से बादल छाए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को राज्य के ज्यादातर इलाकों में मध्यम दर्जे से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची, खूंटी, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, पलामू, चतरा, गढ़वा, कोडरमा, और लातेहार जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की भी हो सकते है। वहीं अगले तीन दिनों में राज्य के औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
लोहरदगा में 108 मिमी बारिश हुई
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून के सक्रिय रहने की वजह से कई स्थान पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश लोहरदगा में 108 मिमी रिकार्ड की गयी। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान देवघर में 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान चाईबासा में 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
रांची में अभी तक 137 मिमी. अधिक बारिश
अब तक राज्य में 617.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि 660.9 मिमी बारिश हुई है। राजधानी रांची की बात करें तो यहां सामान्य से 21% अधिक बारिश दर्ज हुई है। रांची में 9 अगस्त तक 640.8 मिमी की जगह 777 मिमी बारिश हो चुकी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.