झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह के BJP जॉइंन करने के अगले ही दिन प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठुकार दिल्ली तलब किए गए। वो बुधवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले। इस दौरान ठाकुर ने राज्य की राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी के साथ अपने चार महीने के कार्यकाल की विस्तृत जानकारी राहुल गांधी को दी। हालांकि राजेश ठाकुर इसे औपचारिक मुलाकात बता रहे हैं।
राहुल गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को निर्देश दिया है कि प्रदेश में सांगठनिक गतिविधियों के साथ राज्य की जनता के साथ किए गए वादों को राज्य सरकार से पूरा करवाने के दिशा में तेजी से काम करें। साथ ही केंद्र सरकार के हर जन विरोधी नीतियों निर्णयों का जमकर विरोध करें।
संगठन सचिव और नए प्रदेश प्रभारी से भी की मुलाकात
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल , झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त प्रभारी अविनाश पांडेय और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष पर्वोत्तर के तीन राज्यों के प्रभारी डॉ अजय कुमार से भी मुलाकात की।
झारखंड कांग्रेस में गुटबाजी के बढ़े आसार
इधर आरपीएन सिंह के BJP में जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के आसार बढ़ गए हैं। इरफान अंसारी, अंबा प्रसाद जैसे विधायक जहां आरपीएन सिंह पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। नाराज खेमा जहां राज्य में कांग्रेस को बर्बाद करने का कारण से लेकर पैसे लेकर टिकट बांटने का आरोप लगा रहा है तो हेल्थ मिनिस्टर बन्ना गुप्ता समेत एक गुट ऐसा भी है जो इस पर कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रहा है। गुटबाजी से राजेश ठाकुर भी इंकार नहीं कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.