रांची में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या हुई है। ताजा मामला कांके थाना क्षेत्र के एदलहातू का है। यहां जमीन कारोबार से जुड़े एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान एदलहातु के ही 25 वर्षीय अजय मुंडा के रूप में हुई है। मृतक घटना स्थल से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर चौरा बस्ती का रहने वाला है।
इससे पहले सोमवार शाम को तमाड़ में रांची सिविल कोर्ट के वकील मनोज कुमार झा की हत्या कर दी गई थी। इनकी हत्या की वजह भी जमीन विवाद ही बताई जा रही है। अभी तक इनकी हत्या की गुत्थी पुलिस नहीं सुलझा पाई है। वे रांची के बहुबाजार इलाके में रहते थे।
पुलिस को शक- शराब पिलाकर की गई है हत्या
कांके थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि अजय की हत्या से पहले आरोपियों ने उसे शराब पिलाया है। शराब के नशे में ही हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के सिर व शरीर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल शव को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों के बयान व पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।
घटना स्थल तक जाने का नहीं है रास्ता
जिस जगह घटना को अंजाम दिया गया है एदलहातू का बाहरी इलाका है। पुलिस के मुताबिक, बरियातू और कांके थाना का वह सीमाई क्षेत्र है। यहां तक पहुंचने का कोई रास्ता भी नहीं है। पुलिस को शक है कि लोग पैदल चलकर यहां आए होंगे। शव को भी वहां से निकालने में परेशानी हो रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.