रांची हिंसा मामले में 42 ठिकानों पर छापा, 5 अरेस्ट:राज्यपाल ने DGP से पूछा- वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले क्यों नहीं छोड़े?

रांचीएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एकरा मस्जिद के पास मार्च करती रैफ। - Dainik Bhaskar
एकरा मस्जिद के पास मार्च करती रैफ।

रांची में 10 जून को हुई हिंसा के मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान मोहम्मद आरिफ उर्फ रिंकू खान, बेलाल अंसारी, मोहम्मद अशफाक मंसूर , मोहम्मद अनिश और मोहम्मद दानिश खान के रूप में हुई है। इनमें से तीन डोरंडा इलाके के हैं। जबकि, दो अन्य सुखदेव नगर और अनगड़ा थाना क्षेत्र के हैं। पुलिस ने अब तक 42 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह जानकारी सोमवार को रांची पुलिस ने दी है।

इधर, झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने DGP नीरज सिन्हा को राजभवन तलब किया है। उन्होंने उनसे पूछा कि आखिरकार हिंसा की स्थिति बनने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले और रबर बुलेट का इस्तेमाल क्यों नहीं किया?

बता दें, 10 जून को नमाज के बाद राजधानी रांची में हिंसा हुई थी। इस दौरान उपद्रवियों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हुए थे।

राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा

रांची में सोमवार को लोकल इनपुट मिलने के बाद संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मेन रोड पर एकरा मस्जिद के आसपास के इलाकों में RAF की टुकड़ी तैनात की गई है l वहीं, पास के कर्बला चौक पर भी सुरक्षा का घेरा बढ़ाया गया है। एकरा मस्जिद वही पॉइंट है, जहां शुक्रवार को प्रदर्शनकारी इकट्ठे और हिंसा हुई। बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन की गाड़ी पर हमले करने वाले एक उपद्रवी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को कुछ उपद्रवियों के हरकत में आने की सूचना के बाद सुरक्षा घेरा बढ़ाया गया हैl

38 संवेदनशील जगहों पर पुलिस की नजर

रांची SSP सुरेंद्र कुमार झा ने बताया, 'शहर में 38 संवेदनशील पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। वहां विशेष नजर रखी जा रही है। उन इलाकों में मोटरसाइकिल दस्ता की पेट्रोलिंग जारी है। इसके अलावा लोकल इंटेलिजेंस इनपुट पर भी नजर है। साथ ही सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर भी पुलिस की कड़ी नजर है।'

कर्बला चौक के पास बढ़ाई गई सुरक्षा।
कर्बला चौक के पास बढ़ाई गई सुरक्षा।

6 आरोपी अस्पताल में
रांची पुलिस ने बताया कि इसी मामले के 6 नामजद आरोपियों शाहनवाज, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद तबारक, अफसर आलम, सरफराज आलम और सवीर अंसारी का इलाज चल रहा है। इनमें से चार लोअर बाजार थाना इलाके के निवासी हैं, जबकि दो हिंदपीढ़ी के रहने वाले हैं।

राज्यपाल ने पूछा- कितनी FIR और गिरफ़्तारी हुई
राजभवन में हुई बैठक में राज्यपाल ने पूछा, 'जुलूस के संचालन के दौरान कितने सुरक्षा कर्मी और दंडाधिकारी वहां उपस्थित थे। साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने हेलमेट और सुरक्षात्मक वस्तुएं क्यों नहीं पहना थाl अभी तक कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं और कितनी FIR दर्ज की गई है? बैठक में पुलिस महानिदेशक ने बताया, 'IB के अनुसार लगभग 150 लोगों द्वारा हुडदंग करने की जानकारी मिली थीl'

रांची में कर्फ्यू के बीच भी मंदिर पर 2 बम फेंके
रांची में उप्रदवियों ने कर्फ्यू के दौरान मंदिर पर एक के बाद एक बम फेंक दिया। उपद्रवियों ने एक के बाद एक दो बम मंदिर में फेंके। शहर के हिंदपीढ़ी इलाके की गली नंबर एक में जिस मंदिर पर बम फेंका गया, उससे कुछ दूरी पर ही थाना है। इस घटना के 12 घंटे पहले उपद्रवियों ने शहर के महावीर मंदिर पर पथराव किया था।

महावीर मंदिर पर शनिवार तड़के बम फेंकता उपद्रवी।
महावीर मंदिर पर शनिवार तड़के बम फेंकता उपद्रवी।

बदमाशों के बम फेंकने की वारदात CCTV में कैद हुई है। इसमें दिख रहा है। एक बाइक पर सवार तीन बदमाश मंदिर के पास आते हैं। बाइक रुकते ही उनमें से एक बम मंदिर पर फेंकता है। कुछ ही सेकेंड के बाद दूसरा बम फेंकता है और तीनों बाइक से ही चले जाते हैं। घटना में जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन बम से मंदिर की दीवारों पर काले निशान पड़ गए हैं।

महावीर मंदिर जिस पर शनिवार तड़के फेंका गया था बम
महावीर मंदिर जिस पर शनिवार तड़के फेंका गया था बम