झारखंड प्रदेश भाजपा बाबा दरबार से भविष्य की रूपरेखा तय करेगी। वहीं अब तक के किए कार्यों की समीक्षा भी करेगी। इसके लिए कल से देवघर में प्रदेश भाजपा का जुटाना होने वाला है। यहां प्रदेश भाजपा के कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक होगी। यह बैठक 24 जनवरी यानी मंगलवार तक चलेगी। इस दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश करेंगे। इस बैठक के लिए मेहर रिसॉर्ट में व्यवस्था की गयी है।
सुबह 10 बजे से होगी शुरुआत
कल यानी 23 जनवरी को बैठक की शुरुआत सुबह 10 बजे के करीब होगी। इसमें प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी शामिल होंगे। वहीं दोपहर 2.30 बजे कार्यसमिति का विधिवत उद्घाटन होगा. अगले दिन 24 जनवरी की दोपहर 12 बजे इसका समापन होगा. इसी दिन बैठक के समापन के पूर्व राजनीतिक प्रस्ताव भी पास किए जाएंगे. बैठक में विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश प्रभारी एवं सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और अन्य प्रमुख नेता शामिल हो रहे हैं।
शनिवार से ही देवघर में कई लोगों का डेरा
इस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के आयोजन को लेकर पार्टी के कई पदाधिकारी देवघर में शनिवार से ही डेरा जमाए बैठे हैं। देवघर में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहु के अलावा बालमुकुंद सहाय, प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी उनके साथ सारी व्यवस्थाओं को फाइनल करने में लगे हैं। मेहर रिसॉर्ट में करीब 500 पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के लिए जरूरी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.