पुलिस ने 15 जनवरी को शाम 5:35 बजे रांची रेलवे स्टेशन से सिमडेगा की एक नाबालिग लड़की को दिल्ली ले जाकर बिकने से बचाया था। पुलिस ने इस मामले में एक मानव तस्कर अजगुत लोहरा (31) को गिरफ्तार किया है। जेल जाने से पहले अजगुत ने कई खुलासे किए हैं। बताया है कि वह इससे पहले सिमडेगा की कई लड़कियों को दिल्ली में बेच चुका है। दिल्ली में उसे एक लड़की पर 20 हजार रुपए कमीशन मिलते थे। सिमडेगा से लड़कियों को रांची लाकर पंकज नाम का युवक उसे देता था।
इसके एवज में अजगुत उसे एक लड़की पर 5000 रुपए कमीशन देता था। वहीं, अजगुत दिल्ली में पूजा नाम की युवती को लड़की सप्लाई करता था। पूजा बदले में उसे एक लड़की पर 20 हजार रुपए देती थी। अजगुत ने दिल्ली में रहने वाली पूजा का मोबाइल नंबर 7858....10 भी पुलिस को बताया है। जिस नंबर पर वह उससे बात करते था।
पुलिस को अब पूजा और पंकज की तलाश
पुलिस अब पूजा और पंकज की तलाश कर रही है, जो इस ह्यूमन ट्रैफिकिंग के सिंडिकेट में शामिल है। इधर, पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार मानव तस्कर अजगुत सिमडेगा जिले के कोलेबिरा का रहने वाला है। लेकिन, वह निहाल विहार नांगलोई पश्चिमी दिल्ली में रहता है। वहीं से झारखंड के स्थानीय दलालों के जरिए लड़कियों की खरीद-बिक्री करता था।
नाबालिग के घरवालों को देते थे 10 हजार रुपए
गिरफ्तार अजगुत ने पुलिस को बताया है कि सिमडेगा से जिस नाबालिग को लाकर रविवार के ट्रेन से दिल्ली भेजने की तैयारी थी, उसके परिवार वालों को 10 हजार रुपए दिए थे। पुलिस ने अजगुत के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किया है। उसके मोबाइल फोन की जांच में एक और वाट्सएप चैट मिला है। जिसमें उसकी बात किसी नीना गुप्ता नाम की महिला से हुई है।
उस चैट में हुई बातचीत में लिखा है कि तुम लड़की भेजकर देखो 70 हजार रुपए का एलआईसी मिलेगा। पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है कि ये मामला क्या है। इस मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट रांची में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में अनुसंधान पदाधिकारी एएचटीयू रांची की दारोगा विनिता कुमारी को बनाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.