भारतीय जनता पार्टी सिमडेगा द्वारा झारखंड सरकार के खिलाफ जन आक्रोश प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया। हेमंत हटाओ झारखंड बचाओ के तहत प्रदेश के निर्देशानुसार नगर परिषद कार्यालय के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जन आक्रोश प्रदर्शन किया गया। स्वागत भाषण करते जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक ने कहा कि गठबंधन सरकार को चलाने वाले हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में सबसे अधिक आदिवासी बहन-बेटियों पर अत्याचार हुआ है।
चारों ओर भ्रष्टाचार है। बिना पैसे दिए कार्य नहीं हो रहे हैं। इस सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं है। झारखंड की आम जनता भी जान चुकी है कि यह सरकार लुटेरी सरकार है, जल्द ही यह सरकार गिर जाएगी। मुख्य अतिथि तोरपा विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का इतिहास ही रहा है बेचने का। पहले शिबू सोरेन ने झारखंड को लूटा अब उसका पुत्र हेमंत सोरेन झारखंड को लूट रहा है। इस सरकार में ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए बोली लगती है।
50 लाख से एक करोड़ रुपए में पोस्टिंग होती है। झारखंड में बिना रिश्वत के कोई कार्य नहीं होता है। भाजपा प्रदेश के मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने कहा कि साहिबगंज से लेकर सिमडेगा तक बालू के नाम पर लूट मची है। जिला प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि झारखंड की जनता अब जाग चुकी है। प्रखंड से लेकर जिले तक पूरे झारखंड में सरकार के खिलाफ जन आक्रोश दिख रहा है। नप उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू ने कहा कि गठबंधन सरकार बनने के बाद पूरे झारखंड में भ्रष्टाचारियों का बोलबाला हो गया है। कोलेबिरा में उग्रवाद की घटना शुरू हो गई है। इस सरकार में जनता सुरक्षित नहीं है।
कांग्रेस ने झारखंड आंदोलन को खरीदने का काम किया है एवं शिबू सोरेन ने बेचने का काम किया है। पूर्व विधायक निर्मल कुमार बेसरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्ग विजय सिंहदेव ,कोलेबिरा के पूर्व प्रत्याशी सुजान मुंडा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मंच संचालन महामंत्री दीपक पुरी एवं धन्यवाद ज्ञापन मंत्री तुलसी साहू ने किया। मौके पर गुमला जिला प्रभारी बबन गुप्ता, जिला परिषद उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा, अनूप प्रसाद, संजय ठाकुर, नवीन सिंह, अमरनाथ बामलिया, रवि गुप्ता, डॉ महेंद्र भगत, सत्यनारायण प्रसाद, संजय शर्मा, नीरज बड़ाईक, रामविलास बड़ाईक, उपेंद्र श्रीवास्तव, महेश साहू, अजय सिंह, हीरा राम, सावित्री देवी, नंदनी दास, हंसा देवी, पिंकी प्रसाद उपस्थित थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.