अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े बॉलीवुड ड्रग्स केस में NCB में सोमवार को दो ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। मलाड, परेल और सांताक्रूज इलाकों में छापेमारी के बाद NCB टीम ने इनकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद की है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बॉलीवुड से जुड़े लोगों को ड्रग्स सप्लाई करने का काम करते थे। इनमें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का स्टाफ भी शामिल था। पकड़े गए दो आरोपियों में से एक पुलिस कर्मी बनने के लिए भी चयनित हो चुका था।
हिटलर की बायोग्राफी से बरामद हुई ड्रग्स
NCB मुंबई की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, LSD की 80 blots हिटलर की बायोग्राफी(किताब) में छिपा कर रखी गई थी। इसे एक पार्सल के माध्यम से विले पार्ले के पोस्टऑफिस में भेजा गया था। जांच में सामने आया है कि इसे डार्क नेट के जरिए ऑर्डर किया गया था और पेमेंट क्रिप्टो करेंसी यानी बिटकॉइन के जरिए की गई थी। NCB हेड समीर वानखेड़े ने बताया कि इस LSD को यूरोपियन देशों से मंगाने की जानकारी मिली है। फिलहाल जांच जारी है।
क्या होती है LSD?
LSD को दुनिया के सबसे ताकतवर मूड चेंजिंग कैमिकल के रूप में जाना जाता है। यह एक प्रकार की फफूंद होती है जो एसिड का प्रकार होती है। इसे पहले क्रिस्टल फॉर्म में तैयार किया जाता है फिर लिक्विड फॉर्म में तबदील करके लोगों तक पहुंचाया जाता है। इसके सेवन से इंसान दूसरी दुनिया में पहुंच जाता है और उसे भ्रम होने लगता है। वैसे तो LSD कई रूपों में बनता है लेकिन इसका सबसे फेमस फॉर्म डाक टिकट जैसा होता है।
LSD का घातक असर
LSD लेने के 15 मिनट बाद आपका दिमाग शरीर का साथ छोड़ने लगता है जिससे जो दिखाई देता है उसपर भी विश्वास नहीं होता। इसके साथ ही पसीना आना, रोंगटे खड़े हो जाना, आंख की पुतली सिकुड़ना जैसे कई लक्षण नजर आते हैं। LSD लेने वाले अधिकतर लोगों को अपने पिछले जन्म से जुड़ी बातें याद आने लगती हैं। इस नशे के बाद कोई एक रंग इंसान के दिमाग पर हावी हो जाता है और उसे लगभग हर चीज उसी रंग की दिखाई देती है। इतना ही नहीं LSD एक बार लेने के बाद और ज्यादा नशा करने का मन करता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.