मुंबई की लोकल ट्रेन में महिला से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पहले महिला से लोकल ट्रेन में ज्यादती हुई और फिर उसे चलती ट्रेन से फेंक दिया गया। नवी मुंबई के वाशी में मंगलवार (22 दिसंबर) को 24 साल की महिला बेहोशी की हालत में रेलवे ट्रैक पर मिली थी। दो दिन बाद होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर गुरुवार को मेडिकल टेस्ट कराया गया। इसमें रेप की पुष्टि हुई।
पुलिस ने बताया- महिला की चोट के आधार पर पहले हमने आईपीसी की धारा 307(हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया था। गुरुवार को रेप की पुष्टि होने पर इसमें धारा 376 (बलात्कार) जोड़ी गई है। इस मामले में एक अज्ञात शख्स खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रेलवे स्टेशनों और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
ठाणे की रहने वाली थी पीड़ित
वाशी पुलिस ने बताया कि पीड़ित ठाणे जिले के टिटवाला की रहने वाली है। वह मुंबई के पवई में घरों में काम करती है और हफ्ते में एक बार ही अपने घर जाती थी। वह पिछले रविवार को घर गई थी। अगले दिन वह फिर काम पर लौट गई। हालांकि, काम पर लौटने के दो दिन बाद तक उसने अपने परिवार से संपर्क नहीं किया। मंगलवार को वह पटरियों के किनारे बेहोश पाई गई।
मोटरमैन ने दी घटना की जानकारी
लोकल ट्रेन के मोटरमैन ने ट्रैक के किनारे बेहोश पड़ी महिला को देखकर इसकी जानकारी पहले स्टेशन मास्टर और फिर GRP को दी थी। रेलवे स्टाफ ने पहले उसे वाशी के नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) अस्पताल में भर्ती कराया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मुंबई के जेजे अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, बुरी तरह घायल होने की वजह से फिलहाल महिला बोलने की स्थिति में नहीं है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.