• Hindi News
  • Local
  • Maharashtra
  • Call Centers Will Be Set Up In Every District Of Maharashtra, More Than 98 Lakh People Did Not Get Second Dose Of Vaccine

डिफाल्टरों को टीकाकरण केंद्र तक लाने के लिए:महाराष्ट्र के हर जिले में स्थापित होंगे कॉल सेंटर, 98 लाख से ज्यादा लोगों को नहीं लगी वैक्सीन की दूसरी डोज

मुंबई2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक कुल 98 लाख 12 हजार 887 से वैक्सीन की दूसरी डोज मिस हो गई है। - Dainik Bhaskar
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक कुल 98 लाख 12 हजार 887 से वैक्सीन की दूसरी डोज मिस हो गई है।

राज्य में वर्तमान समय में 98 लाख से ज्यादा ऐसे लोग हैं, जिन्होंने वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है। ऐसे लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर तक लाने के लिए राज्य सरकार जिला स्तर पर 'दस्तक ऑन फोन्स' कॉल सेंटर शुरू करने जा रही है। इसमें काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा संबंधित व्यक्ति को कॉल कर उन्हें वैक्सीन लेने के लिए रिमाइंडर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक कुल 98 लाख 12 हजार 887 से वैक्सीन की दूसरी डोज मिस हो गई है। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. प्रदीप व्यास ने सभी जिलाधिकारियों, महानगरपालिका आयुक्तों, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, विभागीय आयुक्तों को पत्र लिख है। पत्र में उल्लेख है कि देश में 50 फीसदी लोगों का डबल डोज पूरा हो गया, जबकि राज्य में अब भी 46.49 फीसदी ने ही डबल डोज लिया है। यह आंकड़े बताते हैं कि हम राज्य के औसत आंकड़े से भी पीछे हैं।

कॉल सेंटर से हमें काफी अच्छा रिस्पांस मिला
डॉ. प्रदीप व्यास ने आगे लिखा कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर दो जिलों में शुरू किए कॉल सेंटर से हमें काफी अच्छा रिस्पांस मिला है। इसलिए कॉल सेंटर या फिर अन्य माध्यम के जरिए दूसरा डोज मिस करने वालों तक पहुंचे। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. सचिन देसाई ने बताया कि कई जिलों ने अपने स्तर पर कॉल सेंटर स्थापित कर लिए हैं, तो कुछ में काम जारी है। इन कॉल सेंटर में मौजूद कर्मचारियों को उन लोगों की सूची दी जाएगी, जिन्होंने दूसरा डोज नहीं लिया है।

पुणे, मुंबई, ठाणे, कोल्हापुर, नागपुर में अधिक डिफॉल्टर
राज्य में दूसरा डोज मिस करनेवाले सबसे अधिक लोग पुणे, मुंबई, कोल्हापुर, ठाणे और नागपुर जिले के हैं। इन 5 जिलों में 36 लाख 16 हजार 324 ने दूसरी डोज की डेडलाइन मिस कर दी है। यानी दूसरी डोज मिस करनेवाले कुल लोगों में से 37 फीसदी लोग उक्त 5 जिले से हैं।

दूसरा डोज मिस के आंकड़े

पुणे- 1303815
मुंबई- 728481
ठाणे-545711
कोल्हापुर- 545274
नागपुर- 493043

16.5 % का पहला डोज बाकी
राज्य में 18 और उससे अधिक उम्र के 9.14 करोड़ लोग हैं, इनमें से अब तक 16.5 फीसदी लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज नहीं ली है। राज्य में खबर लिखे जाने तक 11 करोड़ 94 लाख 21 हजार 970 डोसेस दिए गए हैं।

मुंबई में 24 % का दूसरा डोज बाकी
मुंबई में 18 और उससे अधिक उम्र के 92 लाख 36 हजार 500 लोग हैं, इनमें से केवल 24 % लोगों का दूसरा डोज बाकी है। खबर लिखे जाने तक मुंबई में 1 करोड़ 66 लाख 98 हजार 545 डोसेस दिए गए हैं।

महाराष्ट्र के आंकड़े
पहले डोज- 76241982
दूसरा डोज- 43179988
कुल डोज- 119421970

मुंबई के आंकड़े
पहले डोज- 9642607
दूसरा डोज- 7055938
कुल डोज- 16698545

खबरें और भी हैं...