चक्रवाती तूफान ताऊ ते मुंबई को टच करता हुआ गुजरात की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 120 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा है। ताऊ ते तूफान की वजह से महाराष्ट्र में 6 लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए हैं।
आपत्ति व्यवस्थापन विभाग की ओर से बताया गया है कि रायगड जिले में 3, ठाणे में 2 और सिंधुदुर्ग जिले में एक व्यक्ति की चक्रवाती तूफान की वजह से हुई है। इसके अलावा मुंबई में 4, रायगड में 2, रत्नागिरी में 2 और ठाणे जिले में एक व्यक्ति जख्मी हुआ है। चक्रवाती तूफान की वजह से रायगड में 2 और रत्नागिरी जिले में 2 जानकरों की मौत भी हुई है।
मुंबई में कई जगहों पर वाटर लॉगिंग (पानी भरना) की समस्या देखने को मिल रही है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडणेकर खुद सड़क पर उतारकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी CM उद्धव ठाकरे से बात की है। 'ताऊ ते' की वजह से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराष्ट्र इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) से कुल 56 फ्लाइटों का उड़ान रद्द करना पड़ा। इसमें 34 फ्लाइट अराइवल की और 22 फ्लाइट डिपार्चर की थीं।
मुंबई में NDRF की तीन टीमों को तैनात किया गया है और 5 टीमें अलर्ट पर हैं। 5 जगह अस्थाई शेल्टर होम बनाए गए हैं। शहर के दादर, वर्ली, लोअर परेल, माटुंगा और माहिम सहित मुंबई के पश्चिमी उपनगरीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में वर्ली सी फेस, शिवाजी पार्क, मरीन ड्राइव पर समुद्र तट पर ऊंची लहरें उठ रही हैं।
मुंबई के समुद्र में 10-13 फीट ऊंची लहरें
ताऊ ते चक्रवाती तूफान के चलते सोमवार की भोर में 2.23 बजे समुद्र में हाई-टाईड के वक्त करीब 10.99 फीट, फिर सुबह 8.24 बजे लो-टाइड के वक्त 3.28 फीट ऊंची लहरे उठीं। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 3.31 मिनट पर आने वाले हाई-टाइड के वक्त समुद्र में 13.26 फीट ऊंची और रात 9.37 मिनट पर होने वाले ले-टाइड के वक्त 6.79 फीट ऊंची लहरें उठने वाली हैं।
तूफान से जुड़े जरूरी अपडेट्स...
CM उद्धव ने की गृहमंत्री शाह से बात
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया कि मुंबई और राज्य के अन्य तटीय जिलों में अस्थाई रूप से स्थापित किए गए फील्ड अस्पताल से मरीजों को सुरक्षित अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। अस्पतालों में बिजली और ऑक्सीजन बैकअप की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। संभावित तूफान की चपेट में आने वाले जिलों में 12-16 घंटे का ऑक्सीजन बैकअप सुनिश्चित करने का इंतजाम करने के लिए कहा गया है।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं कि तटीय इलाकों में ऑक्सीजन का उत्पादन तथा राज्य के बाकी हिस्सों में उसकी ढुलाई प्रभावित न हो।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.