राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी चीफ शरद पवार के खिलाफ सोशल मीडिया में आपत्तिजनक पोस्ट लिखने के आरोप में मराठी एक्ट्रेस केतकी चितले को ठाणे क्राइम ब्रांच ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लेने के बाद एनसीपी के कार्यकर्ताओं ने उन पर काली स्याही फेंकी है। उनके खिलाफ 3 केस दर्ज हुए हैं। इनमें से एक केस ठाणे शहर के कलवा पुलिस स्टेशन में और दो पुणे और मुंबई में हुआ है।
ठाणे में दर्ज FIR को कुछ देर पहले इसे क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा दो अन्य केस मुंबई और पुणे में भी दर्ज हुए हैं और उन्हें भी क्राइम ब्रांच को सौंपा जा रहा है। पुणे में केतकी चितले के साथ एक्टर निखिल भामरे के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
एक्ट्रेस के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 और 505 के तहत FIR दर्ज की गई है। क्राइम ब्रांच द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद अब केतकी की मुश्किल बढ़ सकती है। औरंगाबाद में सुतागिरानी चौक पर एक्ट्रेस के खिलाफ एक प्रोटेस्ट भी हुआ है। यहां महिलाओं ने उनकी तस्वीर पर काला रंग भी फेंका है।
पोस्ट में नहीं लिया था शरद पवार का सीधे नाम
बता दें कि केतकी ने अपनी पोस्ट में शरद पवार का नाम नहीं लिखा था, लेकिन उन्होंने उपनाम पवार और उम्र का जिक्र करते हुए 80 साल लिखा था। शरद पवार की उम्र 81 साल है। इसी आधार पर इस पोस्ट को शरद पवार के खिलाफ बताया गया है और उनके खिलाफ FIR कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
मंत्री आव्हाड ने कहा-दर्ज करवाएंगे 200 केस
केतकी ने सोशल मीडिया पोस्ट साइट फेसबुक पर जो पोस्ट लिखा था, उस पर कमेंट करते हुए महाराष्ट्र के आवास विकास मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने कमेंट कर धमकी दी थी। आव्हाड ने अपनी धमकी में कहा था कि पार्टी के कार्यकर्ता अभिनेत्री की इस पोस्ट को लेकर महाराष्ट्र के कम-से-कम 100-200 पुलिस स्टेशनों में मामला दर्ज कराएंगे। आव्हाड ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेता के बारे में इस तरह की गलत टिप्पणियों को कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। वह NCP परिवार के लिए पिता हैं और उन पर की गई टिप्पणी घिनौनी है।
पहले भी विवादों में रहीं हैं एक्ट्रेस
ऐसा पहली बार नहीं है जब केतकी चितले विवादों में आई हैं। इससे पहले छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में एक कॉमेडी शो के दौरान विवादित बयान दिया गया था। इसकी सोशल मीडिया में खूब आलोचना हुई थी। केतिकी इसके बचाव में सामने आईं थी और आलोचना करने वालों को सोशल मीडिया में लिखे एक पोस्ट के माध्यम से जवाब दिया था। उसके बाद केतकी के इस पोस्ट से वरिष्ठ मराठी निर्माता और निर्देशक महेश तिलेकर ने केतकी चितले पर निशाना साधा था और उन्हें फैंस के गुस्से का सामना भी करना पड़ा था।
एनसीपी चीफ ने कहा-मैं नहीं जानता ऐसी किसी एक्ट्रेस को
इस कार्रवाई को लेकर शरद पवार से उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वे केतकी चितले को नहीं जानते हैं। उन्होंने संबंधित पोस्ट की वजह से अभी-अभी उनका नाम सुना है। केतकी पर कठोर कार्रवाई करने की मांग एनसीपी नेताओं की ओर से लगातार आ रही थी। इन मांगों को देखते हुए महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटील ने कार्रवाई करने के संकेत भी दिए थे। इसके बाद अब ठाणे पुलिस ने अभिनेत्री केतकी चितले पर कार्रवाई की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.