महाराष्ट्र के बीड जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक साथ जीने में असफल रहे एक जोड़े ने एक साथ मरने का फैसला किया। दोनों ने एक साथ फांसी लगाई। लड़का फंदे से लटक कर मर गया और महिला की रस्सी टूट गई। इससे उसकी जान बच गई है।
घटना बीड जिले के गेवराई तालुका के भिंड बुद्रुक इलाके की है। युवक के मरने की सूचना खुद लड़की ने फोन कर तलवाड़ा पुलिस स्टेशन को दी है। मृत हुए शख्स की पहचान 27 साल के जयपाल लक्ष्मण ववल के रूप में हुई है। वह भी भिंड बुद्रक का रहना वाला था।
पुलिस के मुताबिक, जयपाल की पिछले साल फेसबुक के जरिए एक शादीशुदा महिला से दोस्ती हुई और कुछ ही दिनों में दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद दोनों कई बार मिले और सोमवार को महिला फिर से जयपाल से मिलने पहुंची थी।
पति को जानकारी मिली और महिला ने उठाया यह कदम
जांच में सामने आया है कि महिला के पति को उनके अफेयर की जानकारी मिल गई थी। महिला जैसे ही जयपाल के घर आई उसके पति ने फोन कर केस दर्ज करवाने की धमकी दी थी। इसके बाद महिला ने यह बात अपने प्रेमी को बताई और दोनों ने एक साथ इस दुनिया से चले जाने का फैसला किया।
आज महिला के पति को पूछताछ के लिए बुलाया गया
सहायक पुलिस निरीक्षक प्रताप नवघरे ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हालांकि, अभी महिला और उसके पति को क्लीन चिट नहीं दी है। आज पति को कल्याण से बीड पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.