दक्षिण पूर्वी अरब सागर, मालदीव और लक्षद्वीप के ऊपर बने चक्रवाती हालत की वजह से मुंबई, पुणे समेत राज्य के कई शहरों में आज मौसम ने अपना रंग बदल लिया है। सुबह से ही मुंबई, ठाणे, पालघर और पुणे में रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए इन शहरों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से तापमान में कमी देखी जा सकती है।
कामकाजी दिन होने के कारण आज लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुणे और मुंबई में बारिश से सड़कों पर यातायात आवागमन की रफ्तार भी धीमी दिखाई दे रही है। इन शहरों के आलावा नासिक, धुले, नंदुरबार, जलगांव, औरंगाबाद, जालना और बीड जिले में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य में मंगलवार को पुणे में दिन के दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस बार नवंबर में हुई रिकॉर्ड तोड़ बरसात
बता दें कि इस साल नवंबर महीने में हुई बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बीते 10 सालों में दूसरी बार नवंबर में इतनी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इस वर्ष नवंबर माह में तकरीबन 30.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और मालदीव, लक्षदीप के इलाके में चक्रवात बनने की वजह से यह बारिश हो रही है। पूर्वोत्तर अरब सागर और उससे सटे गुजरात क्षेत्र में बने कम दाब के क्षेत्र चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के साथ इंटरैक्ट कर रहे हैं। इसके साथ ही पूर्वी-मध्य अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र भी बन रहा है। निचले स्तरों में महाराष्ट्र तट पर एक ट्रफ रेखा भी चल रही है।
मछुआरों को समुद्र में अगले पांच दिनों तक ना जाने की सलाह
मूसलाधार बारिश की संभावना की वजह से मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 5 दिनों तक महाराष्ट्र और गोवा के समुद्र में मछली पकड़ने के लिए ना जाने की सलाह दी है। इसके अलावा समंदर में पांच दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसी वजह से चेतावनी जारी की गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.