20 हजार से ज्यादा नए केस के साथ मुंबई में कोरोना संक्रमण भयावह रूप ले चुका है। इसके बाद एक बार फिर मुंबई में लॉकडाउन का खतरा मंडराने लगा है। मुंबई में गुरुवार को कोरोना के 20,181 नए मामले दर्ज किए गए, यह संख्या बुधवार को दर्ज किए गए मामलों से करीब पांच हजार ज्यादा है। सोमवार को मुंबई (BMC) की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा था कि एक दिन में 20 हजार से ज्यादा केस सामने आने एक बाद मुंबई में पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया जाएगा। इसके बाद माना जा रहा है कि आज शहर में लॉकडाउन को लेकर कोई फैसला हो सकता है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने गुरुवार को कहा कि मुंबई में लॉकडाउन लगाने को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज फैसला लेंगे। गुरुवार को NCP प्रमुख शरद पवार की स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव और कुछ दूसरे अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई थी, जिसमें लॉकडाउन के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। लॉकडाउन लगाया जाएगा या नहीं, सवाल पर टोपे ने कहा कि 'सरकार मुंबई के आंकड़ों को बहुत ध्यान से देख रही है और इस पर आखिरी फैसला मुख्यमंत्री लेंगे।'
मुंबई के 85 प्रतिशत नए मरीजों में नहीं कोई लक्षण
BMC के मुताबिक, 20,181 संक्रमितों में से 85 फीसदी (17154) बिना लक्षण के मरीज हैं। गुरुवार को 1170 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ी, जबकि 106 को ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। इन मामलों के साथ ही महानगर मुंबई में एक्टिव मरीजों की संख्या 79,260 पहुंच गई है। मुंबई में अब तक 16,388 लोगों को कोरोना संक्रमण की वजह से जान गंवानी पड़ी है।
धारावी में सबसे ज्यादा मरीज मिले
एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में भी बड़ा कोरोना विस्फोट हुआ है। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान 107 नए मरीज मिले हैं। धारावी में एक दिन में मिला संक्रमितों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। पहली और दूसरी लहर के दौरान भी इतने ज्यादा मरीज नहीं मिले थे। धारावी के आलावा दादर में 223 और माहिम में 308 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
महाराष्ट्र में मिले 36 हजार से ज्यादा मरीज
महाराष्ट्र राज्य में 24 घंटों में कोरोना के 36265 नए केस दर्ज किए गए और इस अवधि के दौरान 13 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई। महाराष्ट्र में गुरुवार को दर्ज कोरोना मामलों में से 79 ओमिक्रॉन वैरिएंट के हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.