कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे के बीच दक्षिण अफ्रीका समेत बाकी एट रिस्क वाले देशों से महाराष्ट्र पहुंचे 6 यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे की लैब में भेजे गए हैं। संक्रमितों में मुंबई, कल्याण, डोंबिवली, मीरा भयंदर और पुणे के लोग शामिल हैं। जिन देशों से ये यात्री वापस लौटे हैं, वे कोरोना के मद्देनजर हाई रिस्क वाले एरिया हैं। ऐसे में प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने कहा है, ‘वर्तमान में 6 यात्री हैं, जो दक्षिण अफ्रीका या दूसरे हाई रिस्क वाले देशों से राज्य में आए हैं। संक्रमित मिले लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। उनके सम्पर्क में आये लोगों का पता लगाने की कवायद चल रही है। संक्रमित यात्री या तो बिना लक्षण वाले हैं या इनमें हल्के लक्षण हैं।’
एयरपोर्ट्स पर एडवाइजरी आज से लागू
सरकार ने एट रिस्क यानी हाई रिस्क वाले देशों से आने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर ही RT-PCR टेस्ट और निगेटिव आने पर भी क्वारैंटाइन होने की शर्त रखी है। साथ ही उन्हें अपनी 14 दिन की ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी भी देनी होगी। इस लिस्ट में ब्रिटेन समेत यूरोप के सभी 44 देश, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर, हांगकांग और इजराइल भी शामिल हैं।
हाई रिस्क वाले देशों से आने वाले यात्री होटल में होंगे क्वारैंटाइन
महाराष्ट्र सरकार ने ओमिक्रॉन वैरिएंट के "जोखिम वाले" देशों से आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अनिवार्य रूप से सात-दिनों तक क्वारैंटाइन में रहना होगा। मुंबई एयरपोर्ट ने कहा है कि यात्रियों को अनिवार्य रूप से आइसोलेशन में रखने के आदेश तत्काल लागू किए जाएंगे। यात्रियों को होटलों में क्वारैंटाइन रहने के लिए खुद भुगतान करना होगा। इन यात्रियों को महाराष्ट्र पहुंचने पर तीन बार यानी लैंड होने के दूसरे, चौथे और सातवें दिन RT-PCR टेस्ट कराने होंगे।
घर पर क्वारैंटाइन रह सकेंगें नेगेटिव आने वाले यात्री
सरकारी आदेश में कहा गया है कि RT-PCR टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर यात्रियों को अस्पताल में शिफ्ट कर दिया जाएगा, जबकि निगेटिव रिपोर्ट वालों को घरों में ही अतिरिक्त सात दिनों की क्वारैंटाइन में रहना होगा। नए दिशा निर्देश के मुताबिक, राज्य की यात्रा करने वाले अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को यह विवरण देना होगा कि उन्होंने पिछले 15 दिनों में किन-किन देशों का दौरा किया है? उनके आने पर इमीग्रेशन द्वारा क्रॉस-चेक किया जाएगा। गलत जानकारी देने पर यात्रियों को आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धाराओं के तहत कार्रवाई के लिए उत्तरदायी बना देगी।
महाराष्ट्र में अब 15 दिसंबर से खुलेंगे प्राइमरी स्कूल
प्राइमरी स्कूल मुंबई, पुणे समेत कई बड़े शहरों में अब 15 दिसंबर से खुलेंगे। कोरोना के नए वेरियंट को देखते हुए 1 दिसंबर से स्कूल खोलने का फैसला टाल किया दिया है। बीएमसी शिक्षा अधिकारी राजू तडवी के मुताबिक, 'कई देशों में कोरोना के नए वेरियंट ओमिक्रॉन का प्रसार बढ़ रहा है। इसके खतरे को ध्यान में रखते हुए स्कूलों का नए सिरे से सैनेटाइजेशन होगा। सफाई, मास्क की आपूर्ति और अभिभावकों से सहमति पत्र लेने में 10-15 दिन लग जाएंगे।' ओमिक्रॉन प्रभावित देशों से मुंबई सहित राज्य में आए लोगों में 6 कोविड पॉजिटिव मिले हैं।
बिना मास्क वालों पर फिर लगेगा जुर्माना
महाराष्ट्र सरकार ने नए वेरियंट को देखते हुए मुंबई पुलिस को भी अलर्ट कर दिया है। जिसके तहत मुंबई पुलिस ने एक बार फिर मुंबई के विभिन्न हिस्सों में कोरोना के नियमों का पालन नहीं करने वाले नागरिकों के खिलाफ मास्क कार्रवाई की संख्या बढ़ा दी है। घर से बाहर निकलने वालों को मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं बिना मास्क प्राइवेट वाहन या ऑटो रिक्सा टैक्सी में सफर के दौरान मास्क नहीं लगाने पर यात्री को 500 रुपये की जुर्माना तो टैक्सी चालक को 1000 हजार का जुर्माना लिया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.