आगर-मालवा जिला मुख्यालय के पास कांकर गांव में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। यहां दबंगों और दलितों में गरबा करने के लिए बाहर से लड़कियां बुलाने को लेकर विवाद हो गया। इसमें दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। जो वायरल हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस FIR दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक कांकर गांव में दलितों की ओर से दुर्गा माता की प्रतिमा स्थापित की गई है। शनिवार को यहां गरबा करने के लिए दो लड़कियों को बाहर से बुलाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। दबंगों का कहना है कि माता के पंडाल में फूहड़ डांस किया जा रहा था। रोकने के लिए बातचीत करने गए थे। इसी दौरान अनुसूचित जाति के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। यहां तक कि महिलाओं ने भी चप्पल उठाकर मारी।
दूसरा पक्ष बोला- आवाज अधिक होने पर हुई मारपीट
वहीं, अनुसूचित जाति के लोगों का कहना है कि गरबे में दबंग लोग नशे में धुत होकर आ गए। वे लड़कियों पर पैसे उड़ाने लगे। ये बात लोगों को नागवार गुजरी। इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। रात में विवाद हुआ था। जैसे-तैसे रात को मामला शांत हो गया। सुबह इसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया।
एएसपी नवल सिंह सिसोदिया ने इस मामले में बताया कि गरबा करने के लिए लड़कियों को बुलाने की बात पर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये लोग हुए घायल
एक पक्ष के तूफान सिंह, श्यामसिंह, मानसिंह, बालक बाई घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष से सुजान, जगदीश, प्रभू, रम्बाबाई और जगदीश घायल हुए हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.