बालाघाट में लंबे समय से नपा बड़े बकायादारों से राजस्व की वसूली नहीं कर पा रही है। शहर में बड़े-बड़े कारोबारी एवं प्रतिष्ठान संचालकों पर करोड़ों रुपए का बकाया है। फिर भी नपा वसूली करने में नाकाम ही साबित हो रही है।
विभागीय तौर पर जानकारी के अनुसार शहर में नपा को करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा की वसूली की जानी है। ऐसी स्थिति में शहर का विकास अवरुद्ध हो रहा है। पूर्व में नपा प्रशासन द्वारा बड़े बकायादारों से वसूली को लेकर अभियान भी चलाया गया था, लेकिन वह खानापूर्ति ही साबित होकर रह गया।
दीवारों में लिखवाया था, ये हैं बकायादार
वसूली को लेकर पूर्व में नपा द्वारा शहर के बड़े बकायादारों के प्रतिष्ठान एवं मकानों में पहुंचकर नायाब तरीका अपनाते हुए लाल पेंट से इस पर है नपा का राजस्व बकाया शीर्षक लिखवाया गया था। उसके बाद भी समय पर राजस्व की वसूली नहीं हो पाई है इस प्रकार नपा को शहर से करीब एक से डेढ़ करोड़ से ज्यादा की वसूली करनी हैं।
तो शहर का हो रहा विकास अवरुद्ध
समय पर राजस्व की वसूली नहीं होने शहर का विकास अवरुद्ध हो रहा है। शहर के कई ऐसे वार्ड एवं गली-कूचे हैं जहां पर सालों से न तो नालियों निर्माण हुआ है, और न ही सड़कें बन पाई हैं। हालात ये है कि उपनगरीय क्षेत्रों के लोगों को आज भी मूलभूत सुविधा से वंचित होकर नारकीय जीवन गुजारने ही मजबूर होना पड़ रहा है।
इधर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
इधर इस मामले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बालाघाट जिले के नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व वसूली तथा साफ-सफाई आदि कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नगरीय क्षेत्रों में स्थित दुकानों, मकानों और जलकर की वसूली बहुत ही कम होने पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने निर्देशित किया कि टीम बनाकर संपत्ति कर, जलकर आदि की वसूली करें। यदि आवश्यक हो तो नगर सैनिक को साथ लेकर जाएं। राजस्व वसूली में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तैयार की जाए बड़े बकायादारों की सूची
उन्होंने बड़े बकायादारों की सूची बनाने के निर्देश दिए। साथ ही शासकीय बंगलों पर संपत्ति कर और जल कर की बकाया राशि की सूची बनाकर टीएल बैठक में लाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका की वित्तीय स्थिति अच्छी नहीं है। अगर राजस्व वसूली नहीं होगी तो स्थिति कहां से सुधरेगी।
कलेक्टर बंगले से हो शुरुआत
कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी को राजस्व वसूली का कार्य कलेक्टर बंगले से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने वसूली कर्मचारियों को राजस्व वसूली के लिए साप्ताहिक लक्ष्य देने के निर्देश देते हुए और से कम वसूली करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
बड़े बकायादार दुकानदार राजस्व जमा नहीं कराते तो तहसीलदार के साथ जाकर उनकी दुकानों में ताला लगवाए। उन्होंने वसूली में सख्ती बरतने के निर्देश नगर पालिका अधिकारियों को दिए हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.