पाटी में गोई नदी पर एप्रोच पाइप पुलिया का निर्माण कार्य जारी है। अभी तक 50 फीसदी काम हुआ है। वहीं कलेक्टर ने पुराने पुल से 27 जनवरी से वाहनों का आवागमन बंद करने के आदेश जारी किए हैं। लोगो ंने बताया दो दिन में काम पूरा होना संभव नहीं है। ऐसे में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पाटी में गोई नदी पर पुराने पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण होना है। इसके चलते वैकल्पिक पुलिया का निर्माण किया जा रहा है।
बुधवार को व्यापारी संघ के पदाधिकारियों व लोगों ने वैकल्पिक पुलिया का जायजा लिया। साथ ही निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों से निर्माण की जानकारी ली। गोई नदी पर बनने वाले नए उच्च स्तरीय पुल से पहले डायवर्शन मार्ग बनाया जा रहा है। इसके लिए नदी पर एप्रोच पुलिया बनाना भी जरूरी है। पुराने पुल से कुछ ही दूरी पर एप्रोच पुलिया बनाई जा रही है। एप्रोच पुलिया का निर्माण अभी आधा ही हुआ है।
बावजूद कलेक्टर ने पुराने पुल पर से वाहनों का आवागमन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है। इससे नगरवासी व व्यापारियों में नाराजगी हैं। उनका कहना है कि एप्रोच पुलिया बनने के बाद ही आवागमन बंद करना था। साथ ही एप्रोच मार्ग भी अभी नही बनाया गया हैं। एप्रोच पुलिया बनने के बाद ही एप्रोच मार्ग का काम शुरू होगा। बुधवार को व्यापारी संघ के अध्यक्ष मला यादव, समाजसेवी लखन भावसार व अशोक भावसार ने निर्माणाधीन एप्रोच पुलिया को लेकर निर्माण एजेंसी के इंजीनियर राहुल डुडवे से चर्चा की।
एप्रोच पुलिया की ऊंचाई कम होने व एप्रोच पुलिया में सरिया नहीं डाले जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एप्रोच पुलिया नए पुल के निर्माण तक का नहीं है। यह व्यवस्थित बनने से हमेशा आवागमन रहेगा। समाजसेवी लखन भावसार ने बताया एप्रोच पुलिया की ऊंचाई बढ़ाना चाहिए। 7 पाइप के ऊपर भी 6 पाइप पानी निकासी के लिए लगाकर ऊंचाई बढ़ाना चाहिए। एप्रोच पुलिया बना रही निर्माण एजेंसी के सदस्यों का कहना है कि अस्थाई रूप से ही एप्रोच पुलिया का निर्माण होगा।
जानकारी अनुसार एप्रोच पुलिया की लागत करीब 70 लाख है। साथ ही एप्रोच पुलिया में 7 पाइप पानी निकासी के लिए लगाएंगे। एप्रोच पुलिया 7.50 मीटर चौड़ा व 90 मीटर लंबा है। गोई नदी पर बने पुराने पुल को तोड़कर उसी स्थान पर 12 करोड़ रुपए की लागत से नया पुल बनाया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.