स्वास्थ्य से खिलवाड़:ट्रेंचिंग ग्राउंड के कचरे में धधक रही आग से फैल रहा प्रदूषण, नगर में खत्म नहीं हुए कचरे के ढेर

मुलताई6 दिन पहले
  • कॉपी लिंक
मुलताई। ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगी आग से फैल रहा प्रदूषण। - Dainik Bhaskar
मुलताई। ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगी आग से फैल रहा प्रदूषण।

नगर के मासोद रोड के किनारे नगर पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड में शहर से निकलने वाले कचरे को जमा किया जाता है। ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरा व्यवस्थित जमा होने की जगह बिखरा पड़ा है। तीन दिन से कचरे में आग लगी हुई है। आग तेजी से फैल रही है। कचरे में लगी आग और धुएं से ट्रेंचिंग ग्राउंड के आसपास खेती करने वाले किसान और मासोद मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को आग ग्राउंड में नीचे जमा कचरे तक पहुंच गई। तीन दिन से आग चलने के बाद किसी भी नपा के कर्मचारी ने इसके बुझाने को कोई इंतजाम नहीं किए।

न ही आला अधिकारियों की इसकी सूचना दी। इसके बाद लोगों ने सभापति अंजलि शिवहरे से शिकायत कर कचरे में लगी आग को बुझाने के इंतजाम करने की मांग की। लोगों ने बताया कचरा जलने के साथ इससे निकलने वाले धुएं से प्रदूषण फैल रहा है। पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है। आए दिन कचरे में आग लगती है। इसके बाद भी इसे बुझाया नहीं जाता है।

शिकायत सुनने के बाद सभापति शिवहरे ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचकर जायजा लिया। कचरे से निकल रहा धुआं देखकर नाराजगी व्यक्त की। कचरे में आग कौन लगाता है इसका पता कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ उन्होंने इस संबंध में सीएमओ नितिन कुमार बिजवे को भी अवगत कराया। सीएमओ बिजवे ने तत्काल आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड भेजी।

हर दिन शहर से निकलता है तीन टन कचरा

नगर में हर दिन दो से तीन टन कचरा निकल रहा है। कचरे में सबसे अधिक मात्रा में पॉलीथिन आ रही है। ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे से सूखा और गीले कचरे के साथ पॉलीथिन को अलग किया जाता है। दुकानदारों के साथ लोगों को पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की समझाइश देने के बाद भी इसके उपयोग कम नहीं हो रहा है। स्वच्छता शाखा प्रभारी अमरलाल कड़वे ने बताया ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे को व्यवस्थित जमा करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए हैं। गर्मी में ट्रेंचिंग ग्राउंड में आग नहीं लगे इसके इंतजाम किए जा रहे हैं।

ट्रेंचिंग ग्राउंड के बगीचे को व्यवस्थित करने को कहा
सभापति अंजलि शिवहरे ने सफाई कर्मियों को ट्रेंचिंग ग्राउंड के बगीचे का व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। शिवहरे ने कहा पूर्व में ट्रेंचिंग ग्राउंड में बगीचा तैयार किया गया था। देखरेख के अभाव में बगीचा उजड़ गया है। दोबारा पौधे लगाकर बगीचा व्यवस्थित किया जाए। इसके साथ ट्रेंचिंग ग्राउंड में बिखरे कचरे को भी व्यवस्थित किया जाए।

नगर में कचरा फेंक कर लगा रहे ढेर
नगर में विभिन्न स्थानों पर लोग कचरा फेंककर ढेर लगा देते हैं। नगर पालिका के सफाई कर्मियों द्वारा रोजाना सुबह कचरा उठाया जाता है। इसके बाद दोबारा लोग कचरा फेंक देते हैं। जिससे गंदगी फैल रही है। कुछ दिनों पहले ही नगर पालिका ने लोगों को कचरा सड़क किनारे नहीं फेंकने की समझाइश दी थी। कचरा लेने के लिए नगर पालिका वाहन भी चला रही है। इसके बाद भी लोग कचरे को मार्ग के किनारे फेंक रहे हैं। गांधी चौक से जैन मंदिर जाने वाले मार्ग पर लगातार कचरा फेंका जा रहा है। जिससे उक्त स्थान पर दिन भर गंदगी का आलम रहता है। इसी प्रकार नगर के अन्य स्थानों पर भी कचरे का ढेर लग जाता है।

गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूलेंगे
नगर पालिका द्वारा दुकानदारों सहित आम लोगों को कचरा मार्ग पर नहीं फेंकने की समझाइश दी गई है। इसके साथ जिन स्थानों पर लोग कचरा फेंकते हैं वहां दीवारों पर स्वच्छता से संबंधित संदेश भी लिखवाए हैं। कचरा फेंकने वालों पर 100 रुपए जुर्माने की कार्रवाई की भी सूचना लिखी है। इसके बाद भी लोग कचरा फेंक रहे हैं। अब चिन्हित स्थानों पर नगर पालिका के कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जा रही है। कचरा फेंकने वालों को चिन्हित कर जुर्माना वसूल किया जाएगा।
नितिन कुमार बिजवे, सीएमओ, नपा मुलताई

खबरें और भी हैं...