बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में एक दुल्हन ट्रैक्टर लेकर मंडप में पहुंची। दुल्हन को शादी के मंडप में ट्रैक्टर पर एंट्री लेता देख बाराती और घराती दोनों ही हैरान रह गए। दरअसल साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जावरा में वासु कवड़कर और मुलताई की रहने वाली भारती तागड़े की शादी गुरुवार रात को हुई। पोस्ट ग्रेजुएट दुल्हन भारती ने बताया कि शादी में कार और डोली से एंट्री लेने का ट्रेंड पुराना हो गया है, इसलिए उसने सोचा कि वह खुद ट्रैक्टर चलाते हुए मंडप में आएगी।
एक बार होती है शादी, एंट्री होना चाहिए शानदार: दुल्हन
भारती ने बताया कि शादी एक बार होती है, ऐसे में मंडप में दुल्हन की एंट्री का यूनिक आइडिया शादी तय होने के बाद से ही सोच रही थी। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैक्टर आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, वहीं मैं ट्रैक्टर चलाना भी जानती हूं। इसलिए मैंने सोचा कि वह शादी के मंडप में ट्रैक्टर से ही एंट्री लेगी।
नए तरीके से एंट्री- रिश्तेदार
इसके लिए भारती ने अपने होने वाले पति वासु से भी चर्चा की थी। वासु ने भी इस बात को लेकर हामी भरी थी। दुल्हन की रिश्तेदार सारिका बोड़खे ने बताया कि दुल्हन की ऐसी एंट्री सभी को खूब पसंद आई, यह एकदम यूनिक आइडिया था।
गुजरात में इंजीनियर है दूल्हा
दुल्हन की एंट्री के समय ट्रैक्टर पर एक ओर उसका भाई पंकज बैठा है, जो पेशे से किसान है। वहीं एक ओर दुल्हन के जीजा बैठे हैं, वह भी गुजरात में मेडिकल फील्ड में काम करते हैं। जावरा का यह परिवार सामान्य किसान परिवार है, लेकिन धूमधाम से बेटी की शादी की गई है। वहीं दूल्हा वासु गुजरात में इंजीनियर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.